शिमला। हिमाचल में मचे सियासी उठापटक के बीच कल सुप्रीम कोर्ट में बागी कांग्रेस विधायकों की सुनवाई होने वाली है। जिसको लेकर सुक्खू सरकार ने भी सुप्रीम कोर्ट में कैविएट डाल दी है।
अब इस सब के बीच सुक्खू सरकार ने कल ही कैबिनेट बैठक बुला ली है। माना जा रहा है कि कल सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद सुक्खू सरकार उस पर चर्चा कर सकती है ओर आगामी रणनीति बना सकती है।
12 मार्च को बागी विधायकों की, 13 को होगी सीपीएस की सुनवाई
बता दें कि हिमाचल में राज्यसभा सीट के चुनाव के बाद से मुख्यमंत्री धड़ाधड़ कैबिनेट बैठकें कर रहे हैं। सियासी घमासान के बाद सीएम सुक्खू ने पहली कैबिनेट बैठक 29 फरवरी को की थी। उसके बाद दो मार्च और सात मार्च को फिर से कैबिनेट बैठक बुलाई गई।
वहीं अब सीएम सुक्खू ने कल यानी 12 मार्च को दोपहर बाद करीब चार बजे शिमला में कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। जिसमें सुप्रीम कोर्ट में आने वाले फैसले से लेकर अन्य मुद्दों पर चर्चा होना संभव है।
12 मार्च शाम को सीएम सुक्खू करेंगे कैबिनेट बैठक
बता दें कि हिमाचल में चल रही सियासी उठापटक के बीच सुक्ख्ू सरकार के लिए अगले दो दिन बहुत अहम माने जा रहे हैं। क्योंकि कल यानी 12 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस के बागी विधायकों की याचिका पर सुनवाई होने वाली है। वहीं उसके बाद 13 मार्च को हिमाचल हाईकोर्ट में सीपीएस मामले की सुनवाई होगी। ऐसे में सभी की नजरें इन दोनों मामलों पर टिकी हुई हैं।
कांग्रेस ने शिमला में निकाली लोकतंत्र बचाओ मशाल यात्रा
राजधानी शिमला में आज कांग्रेस ने लोकतंत्र बचाओ मशाल यात्रा निकाली है। यह मशाल यात्रा सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित अन्य कांग्रेस विधायकों और नेताओं ने निकाली।
इस दौरान सीएम सुक्खू ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के बाद उपजे सियासी संकट के लिए बीजेपी को दोषी ठहराया और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। इसी संदर्भ में कांग्रेस ने मशाल यात्रा निकाली।
शिमला के रिज पर इस मशाल यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता अपने हाथों में "भाजपा हटाओ, संविधान बचाओ" की तख्तियां लेकर पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर हिमाचल की सरकार गिराने की कोशिश करने के आरोप लगाए।