#यूटिलिटी
September 28, 2026
हिमाचल में आज खुलेंगे BANK या नहीं ? जानें हड़ताल से जुड़ा पूरा अपडेट
कल रात को बैंक हड़ताल को लेकर हुई अहम बैठक
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे पहाड़ी राज्य में भी आजकल ज्यादातर पैसों का लेनदेन ऑनलाइन या बैंक के माध्यम से हो रहा है। ऐसे में अगर आपको आज बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है- तो फिलहाल उसे टालने की जरूरत नहीं है।
दरअसल, 28 से 30 सितंबर के बीच प्रस्तावित बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। ऐसे में 28 सितंबर यानी आज बैंकों में सामान्य कामकाज जारी रहने की संभावना है। ग्राहकों को ब्रांच से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए 1 अक्टूबर तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से बुलाई गई थी। रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत के बाद हड़ताल वापस लेने पर सहमति बनी।
वार्ता में बैंकिंग व्यवस्था में सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की मांग प्रमुख मुद्दा रही। दोनों पक्षों ने इस विषय पर एक उच्चस्तरीय संयुक्त समिति गठित करने पर सहमति जताई है। समिति पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह से जुड़े विकल्पों पर विचार करेगी। इसके बाद UFBU ने फिलहाल अपनी प्रस्तावित आंदोलनात्मक गतिविधियों को रोकने का फैसला लिया है।
हड़ताल टलने के बाद ग्राहकों के बीच यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या अब सभी शनिवार को बैंक बंद हो जाएंगे। फिलहाल ऐसा कोई बदलाव लागू नहीं हुआ है। वर्तमान व्यवस्था के तहत बैंकों में अभी भी केवल दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। बाकी शनिवार को शाखाएं सामान्य रूप से खुलती हैं।
नई संयुक्त समिति सप्ताह में सभी शनिवार छुट्टी रखने के प्रस्ताव पर विचार करेगी। इसके साथ ही ग्राहकों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव लेने की संभावना भी है। समिति अपनी रिपोर्ट कब तक देगी, इसकी कोई निश्चित समयसीमा फिलहाल सामने नहीं आई है। इसलिए बैंकिंग सेवाएं मौजूदा नियमों के अनुसार ही चलेंगी।
बैठक में केवल पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था पर ही बातचीत नहीं हुई। Scale IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव से जुड़ी व्यवस्था पर भी चर्चा आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है। IBA इस योजना में बदलाव से संबंधित प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखेगा- ताकि यूनियनों की ओर से उठाई गई आपत्तियों का समाधान किया जा सके।
UFBU ने 28 से 30 सितंबर के दौरान हड़ताल का आह्वान मुख्य रूप से सभी शनिवार को छुट्टी की मांग को लेकर किया था। बैंक कर्मचारी संगठन लंबे समय से पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने की मांग उठा रहे हैं। यूनियनों का कहना है कि काम के लंबे घंटे इस मांग के प्रमुख कारणों में शामिल हैं और इस विषय पर काफी समय से बातचीत चल रही है।
दूसरी ओर, सरकारी सूत्रों के अनुसार पिछली वेतन वार्ता के दौरान पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह को लेकर कोई सहमति नहीं बनी थी और यह समझौते का हिस्सा नहीं था। फिलहाल नई समिति के गठन के बाद इस मुद्दे पर आगे की बातचीत का रास्ता खुल गया है।