#अपराध

May 26, 2025

मुकेश अग्निहोत्री के गृह क्षेत्र में हुआ करोड़ों का खेल- ऑडिट रिपोर्ट से खुला घोटाले का राज

ऑडिट रिपोर्ट में सामने आई बड़ी गड़बड़ी

शेयर करें:

una news

ऊना। हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के गृहक्षेत्र ऊना जिला के हरोली क्षेत्र की नंगल खुर्द कृषि सेवा सहकारी सभा में करीब नौ करोड़ रुपये के गबन और दुरुपयोग का मामला सामने आया है। इस गड़बड़ी में सभा के निलंबित सचिव विजय सिंह के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

ऑडिट रिपोर्ट से खुला घोटाले का राज

 शिकायत सहकारी सभाओं के निरीक्षक उमेश कुमार शर्मा द्वारा दर्ज करवाई गई, जिन्होंने मामले में अनियमितताओं और आरोपी के असहयोगपूर्ण रवैये को उजागर किया। बताया जा रहा है कि यह मामला अगस्त 2024 में तब सामने आया जब सभा की ऑडिट रिपोर्ट में भारी वित्तीय गड़बड़ी का खुलासा हुआ।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : फिर लौट आया कोविड! लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या- मास्क पहनने की सलाह

9 करोड़ थे गायब

 रिपोर्ट के मुताबिक, नंगल खुर्द सहकारी सभा में करोड़ों की राशि गायब थी। ऑडिट रिपोर्ट को सीए के माध्यम से तैयार कराया गया था, जिसमें कांगड़ा सहकारी बैंक टाहलीवाल द्वारा जारी प्रमाणपत्रों से पुष्टि भी हुई। इसके बाद विभाग ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की, जिसमें जिला ऑडिटर संदेश बाला और निरीक्षक उमेश कुमार शामिल रहे।

बार-बार मांगी मोहलत, पर नहीं लौटाए पैसे

जांच के दौरान विजय सिंह ने खुद भी अपनी गलती स्वीकार की और कई बार राशि लौटाने के लिए मोहलत मांगी, लेकिन 10 मार्च 2025 को अंतिम समयसीमा बीतने के बाद भी उसने कोई राशि जमा नहीं करवाई। अब वह न तो जांच में सहयोग कर रहा है और न ही देनदारी चुका रहा है। इस कारण विभाग ने सहकारी सभाएं अधिनियम 1968 की धारा 69(1) के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सड़क से नीचे लुढ़की स्कूटी, रात भर फोन करता रहा परिवार; बेटे ने तड़प-तड़प कर त्यागे प्राण

पुलिस कर रही जांच

पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच सक्रिय रूप से जारी है। आरोपी से जल्द पूछताछ की जाएगी और घोटाले से जुड़े सभी दस्तावेज और प्रमाण खंगाले जाएंगे। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभा सदस्यों की मेहनत की गाढ़ी कमाई को न्याय और जवाबदेही के जरिए सुरक्षित किया जाएगा।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख