सोलन। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के हौंसले बुलंद होते जा रहे हैं। कई तस्करों को अब पुलिस का डर भी नहीं रहा है। एक बार पुलिस की पकड़ में आने के बाद वह दोबारा इस कारोबार को धड़ल्ले से कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से सामने आया है।
नशीली दवाइयों समेत नगदी बरामद
यहां पुलिस टीम ने गश्त के दौरान शहर के गांधी मोहल्ला चौक की वार्ड नंबर 6 में तीन युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां, 28 मोबाइल फोन समेत हजारों रुपए की नगदी बरामद की है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: डॉलर कमाने के चक्कर में खाली हुआ बैंक खाता, लुटाए 13.70 लाख रुपए
कैरी बैग में मिले 28 मोबाइल फोन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की विशेष टीम को इन आरोपियों की गुप्त सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को आरोपियों के पास से सिंथेटिक ड्रग्स के साथ-साथ कमरे में एक कैरी बैग में रखे 28 मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस टीम ने 12 स्ट्रिप्स और 118 टेबलेट्स सिंथेटिक ड्रग्स के साथ 35200 रुपए की नगदी भी बरामद की है।
एक युवती, 3 युवक हुए अरेस्ट
इन दवाइयों को लेकर मुकेश कुमार नाम का व्यक्ति कोई भी बिल, परमिट या अनुमति पत्र नहीं पेश कर पाया। जिसके चलते पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर से आरोपी मुकेश ठाकुर समेत उसके तीन साथियों करण ठाकुर, शुभम और कनिका को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें: HP पुलिस की नौकरी छोड़ने को मजबूर हुआ हेड कांस्टेबल: अधिकारियों पर गंभीर आरोप
मामले की पुष्टि करते हुए SP सोलन गौरव सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने चोरी की धाराओं के भी केस दर्ज किया है। मामले में ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा धारा 18 ड्रग कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगामी जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुकी है सजा
उन्होंने बताया कि पिछले महीने भी आरोपी मुकेश से 400 सिंथेटिक ड्रग्स की टेबलेट्स बरामद की गई थी। सदर सोलन में उसके खिलाफ पहले भी चोरी ने दो मामले दर्ज हैं। मुकेश कुमार ने 16 हजार रुपए की नगदी और संपत्ति चुराई थी। दोनों मामलों में आरोपी मुकेश कुमार को अदालत से सजा भी हो चुकी है।