#अपराध
July 15, 2026
हिमाचल : महिला टीचर सु*सा.इड केस में बड़ा खुलासा, पति सहित सास-ससुर और ननद गिरफ्तार
भाई ने लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाली महिला व्यावसायिक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव किराये के मकान में फंदे से लटका मिला। मामले में मायके पक्ष की शिकायत के बाद पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आशिमा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव बारू, डाकघर सधोट, तहसील सरकाघाट की रहने वाली थीं। शादी के बाद वह अपने पति के साथ सुंदरनगर के जयदेवी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही थीं। आशिमा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी में व्यावसायिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थीं और काफी समय से स्कूल में अपनी सेवाएं दे रही थीं।
बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार शाम आशिमा अपने कमरे में थीं। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उन्हें देखा तो वह कमरे में फंदे से लटकी हुई मिलीं। घटना के बाद परिवार के लोग घबरा गए और उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस थाना BSL कॉलोनी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
मृतका के भाई आशिद ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को उसके पति, सास, ससुर और ननद मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि लगातार हो रही प्रताड़ना और मानसिक दबाव के कारण आशिमा ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच और शिकायत के आधार पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है।
DSP सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। जांच में किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।