सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में एक 21 वर्षीय युवक की करंट लगने के कारण मौत हो गई है। युवक नालागढ़ क्षेत्र के गोल जमाला में एक अचार बनाने वाली कंपनी में कामगार का काम करता था। युवक को करंट ड्यूटी के दौरान ही लगी है। मामले में कंपनी के संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बहन से बुलवाया झूठ
बताया जा रहा है कि कंपनी के संचालकों ने मृतक की बहन को पुलिस के सामने गलत बयान देने का दबाव बनाया था। घटना में युवक के साथ एक महिला भी करंट लगने के कारण घायल हुई है। जिसे उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है- जो कि बदायूं, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
कंपनी में काम करते भाई को लगा करंट
बताया जा रहा है कि अर्जुन कंपनी में काम कर रहा था। इसी बीच अचानक कंपनी में रखे एक टेबल में करंट प्रवाहित हो गया। इसी दौरान अर्जुन का हाथ टेबल पर लगा और वह करंट की चपेट में आ गया। साथ ही महिला को भी हल्की सी करंट लगी।
यह भी पढ़ें: पंजाबियों ने फिर काटा हिमाचल में बवाल: बस वाले से बहस, निकाल ली रिवॉल्वर
इसके बाद कंपनी प्रबंधकों द्वारा अर्जुन को घायलावस्था में नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया।
कंपनी प्रबंधकों ने बनाया दबाव
वहीं, अर्जुन की बहन ने बताया कि वह भी इसी कंपनी में अपने भाई के साथ काम करती है। उसने बताया कि उस पर कंपनी प्रबंधकों ने दबाव बनाया कि वह पुलिस के सामने यह कहे कि अर्जुन को करंट घर पर लगी है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: पति के साथ जा रही थी महिला, रास्ते में सांप पर रख दिया पैर और…
मृतक की बहन ने पुलिस के सामने यह बयान दे भी दिया। मगर परिजनों के शोर मचाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।