#अपराध
August 18, 2026
हिमाचल : श्मशान घाट के पास नशे का धंधा, ढेर सारा चिट्टा बरामद- शुभम संग तीन गिरफ्तार
आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस टीमें लगातार गश्त और छापामारी कर रही हैं। इसी कड़ी में जिला सिरमौर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चिट्टा बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर के माजरा और राजगढ़ से सामने आया है। यहां पर पुलिस थाना माजरा की टीम नशे की तस्करी को रोकने के लिए इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम जगतपुर चौक के पास पहुंची। यहां पुलिस को सूचना मिली कि जगतपुर का रहने वाला मोहम्मद इकराम अपने घर से कथित तौर पर नशा बेचने का काम करता है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए मोहम्मद इकराम के घर पर दबिश दी। पुलिस ने घर की तलाशी ली और इस दौरान आरोपी के कब्जे से 8 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया। चिट्टा बरामद होने के बाद पुलिस ने मोहम्मद इकराम को गिरफ्तार कर लिया।
राजगढ़ पुलिस की डिटैक्शन सैल टीम नशे की तस्करी के खिलाफ गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम श्मशानघाट राजगढ़ के पास पहुंची। यहां पुलिस को रास्ते में दो युवक संदिग्ध हालत में बैठे दिखाई दिए।
पुलिस के मुताबिक, एक युवक के हाथ में इंसुलिन की सिरिंज थी, जबकि दूसरे के पैरों के पास माचिस की डिब्बी पड़ी थी। जब पुलिस ने सिरिंज के बारे में दोनों युवकों से पूछताछ की तो वे घबरा गए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
पूछताछ में दोनों युवकों ने अपनी पहचान विवेक चौहान निवासी गांव धारनू, डाकघर जयहर, तहसील पच्छाद और शुभम कमल निवासी राजगढ़ के रूप में बताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लाए थे और आगे किसे देने वाले थे।
SP सिरमौर NS नेगी ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक नशा कहां से पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।