#अपराध
May 25, 2025
हिमाचल राज्य सचिवालय को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी जारी- लोग डरे
बम डिस्पोज़ल स्क्वाड मौके पर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश सचिवालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। शनिवार सुबह जैसे ही सचिवालय की सुरक्षा शाखा को एक ईमेल के ज़रिए धमकी मिली है। आनन-फानन में सचिवालय परिसर को खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। बम डिस्पोज़ल स्क्वाड और डॉग स्क्वाड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया गया।
डॉग स्क्वाड की बारीकी से जांच
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, अभी तक तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पूरा सचिवालय क्षेत्र हाई अलर्ट पर रखा गया है। डॉग स्क्वाड हर फ्लोर, गाड़ी और बैग को सूंघकर जांच कर रहा है। सचिवालय के आस-पास के इलाके को भी सुरक्षा घेरे में लिया गया है।
पिछले महीने ही मिली थी धमकी
गौरतलब है कि बीते महीनों में यह दूसरी बार है जब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इससे पहले भी ऐसे ईमेल भेजे गए थे, हालांकि वे फर्जी साबित हुए थे। बार-बार मिल रही इन धमकियों ने अब सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस साइबर सेल इस ईमेल की ट्रेसिंग में जुट गई है ताकि पता चल सके कि धमकी कहां से भेजी गई है।
अफसरों में दहशत, कामकाज प्रभावित
धमकी के बाद सचिवालय में काम कर रहे अधिकारी और कर्मचारी दहशत में आ गए। कई अफसरों को बाहर निकाला गया और कुछ विभागों का कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया। हालांकि, पुलिस ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है और कहा है कि हर दिशा में जांच की जा रही है।