#अपराध
February 12, 2025
हिमाचल : SDM मामले में नया मोड़- खनन माफिया नहीं "किचन किंग" निकला आरोपी
मंडी में खनन माफिया द्वारा SDM पर हमला, बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पास सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब खनन माफिया ने SDM ओम कांत ठाकुर पर हमला कर दिया। इस हमले में 2019 बैच के IAS अधिकारी, SDM ओम कांत ठाकुर का एक दांत टूट गया।
पुलिस ने अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने हिमाचल प्रदेश की सियासत में भी हलचल मचा दी है और बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है।
यह घटना तब हुई जब SDM ओम कांत ठाकुर अपनी सरकारी गाड़ी में मंडी की ओर जा रहे थे और उन्होंने ब्यास नदी के किनारे अवैध रेत खनन होते हुए देखा। इस अनियमितता को लेकर उन्होंने अपनी गाड़ी से उतरकर बृंदाबनी हाईवे पर चलना शुरू किया। जैसे ही SDM ने अवैध खनन करने वालों से पूछताछ शुरू की तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया और हमला कर दिया। इस दौरान, आरोपी फरार हो गए।
हमले का मुख्य आरोपी हीरा लाल नामक व्यक्ति है जोकि मंडी जिले के बजैहल का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार, हीरा लाल एक चिकन कॉर्नर चलाता है और घटना के समय वह नशे की हालत में था। वह शोर सुनकर ब्यास नदी की तरफ गया था और वहां SDM से भिड़कर उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने SDM को धमकी भी दी थी कि उसकी पहुंच सचिवालय तक है। इसके अलावा, दो अन्य मजदूर – पूर्ण चंद और राजीव घटनास्थल पर मौजूद थे। इनकी पहचान मड़बाण सदर और पंजैठी के रहने वालों के रूप में हुई है।
हमले के बाद SDM ओम कांत ठाकुर को गंभीर चोटें आईं। उनका ड्राइवर दौड़कर उन्हें घटनास्थल से लेकर मंडी के सरकारी अस्पताल ले गया, जहां उनका इलाज किया गया। इस घटना के बाद जिले के उपायुक्त अपूर्व देवगन और अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि, SDM को सोमवार रात अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
BJP ने इस घटना के बाद हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला किया है। BJP प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि यह बेहद चौंकाने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण है कि SDM पर अवैध खनन की गतिविधियों की जांच करते समय हमला किया गया। बिंदल ने इसे कांग्रेस सरकार की गैर-गंभीरता का परिणाम बताया और कहा कि यह घटना अवैध खनन पर अंकुश लगाने में कांग्रेस सरकार की विफलता को दर्शाती है। उन्होंने राज्य के विभिन्न स्थानों जैसे बद्दी बरोटीवाला, ऊना, मंडी और कांगड़ा का नाम लिया, जहां अवैध खनन बड़े पैमाने पर हो रहा है।
मंडी पुलिस ने मुख्य आरोपी हीरा लाल को गिरफ्तार कर लिया है और उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने अन्य आरोपियों और तीन प्रवासी मजदूरों को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। ठेकेदार ज्योति उर्फ जितेंद्र को भी मामले में तलब किया गया है।