#अपराध
July 20, 2026
हिमाचल में पैसा देकर धर्म बदलवा रहा पादरी, हिंदू देवी-देवताओं का किया अपमान- 3 अरेस्ट
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे कई मामले
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कथित मतांतरण का मामला सामने आने से विवाद गहरा गया है। इस बार मामला कुल्लू जिले के निरमंड उपमंडल का है, जहां एक युवक ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उसके घर पहुंचकर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगे।
शिकायत में पैसों का लालच देने और हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुनैर गांव निवासी 26 वर्षीय जिया लाल ने थाना निरमंड में शिकायत दर्ज करवाई है कि 10 जुलाई की रात कमलेश नेगी, जो स्वयं को पादरी बताता है, अपने दो अन्य साथियों गीता देवी और प्रेम चंद के साथ उसके घर पहुंचा। शिकायत के अनुसार तीनों ने उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया, पैसे का लालच दिया और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी केवल एक व्यक्ति ही नहीं बल्कि गांव के अन्य लोगों को भी मतांतरण के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रहे थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि बार-बार मना करने के बावजूद उस पर लगातार दबाव बनाया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पादरी सहित तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और हिमाचल प्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में इससे पहले भी कथित मतांतरण से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में बिलासपुर के घुमारवीं, उससे पहले देहरा और रामपुर में भी ऐसी शिकायतें दर्ज हुई थीं। प्रदेश में जबरन या प्रलोभन देकर मतांतरण पर रोक लगाने के लिए हिमाचल प्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम लागू है, जिसे वर्ष 2019 में और अधिक सख्त बनाया गया था।