शिमला। हिमाचल प्रदेश में घरेलू हिंसा एक बड़ी समस्या बनता जा रही है। ताजा मामला हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से सामने आया है। जहां एक महिला ने अपने पति व ससुराल पक्ष के लोगों पर घरेलू हिंसा (शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना) करने का आरोप लगाया है।
धोखे से करवाई शादीशुदा NRI से शादी
महिला का आरोप है कि ससुराल वालों ने शादी करने से पहले उसके साथ झूठ बोला। उन्होंने उसे धोखे में रखकर अपने शादीशुदा NRI बेटे के साथ उसकी दूसरी शादी करवाई। इतना ही नहीं शादी के बाद उसे कई तरह की यातनाएं भी दी। मामले में पीड़िता ने ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में पलटी दूध-दही से भरी हुई पिकअप: 32 साल के चेतन का दुखद निधन
शराब के नशे में करता था मारपीट
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला की रहने वाली महिला ने बताया कि उसका पति जर्मनी में रहता है। 28 सितंबर, 2023 में उसकी शादी अंबाला के गांव राजौली निवासी सिमरजीत सिंह के साथ चंडीगढ़ में हुई थी। शादी के बाद ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसका पति शराब के नशे में अपनी मां के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट करता था।
प्रताड़ित करना नहीं किया बंद
इसी के चलते पीड़िता के मायके वाले उसे अपने साथ घर ले आए। मगर तब भी उसके ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना बंद नहीं किया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति और सास अलग-अलग नंबरों से कॉल करके उसे और उसके परिजनों को गाली गलौज करते हैं। पीड़िता का कहना है कि उसे नहीं पता था कि उसका पति पहले से शादीशुदा था। ससुराल वालों ने उसकी जिंदगी खराब कर दी है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: 27 साल की नेहा ने किसी से कुछ नहीं कहा और छोड़ गई दुनिया
मां-बहन के बारे में कही ऐसी बातें
वहीं, पुलिस टीम ने जांच में पाया कि आरोपी पति पीड़िता के साथ पर फोन पर गाली-गलौज करता है और धमकी देता है। पीड़िता की बहन और मां के साथ भी शारीरिक संबंध बनाने की धमकी देता है। साथ ही पीड़िता की सास भी फोन पर अभद्रता करती हुई सुनाई दी।
पति व सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज
वहीं, मामले में पुलिस ने पीड़िता के साथ घरेलू हिंसा करने और धोखे से शादी करने के आरोप में पति सिमरजीत सिंह, सास बलविंद्र कौर और ससुर जसपाल सिंह के खिलाफ धारा 323, 406, 498-A और 506 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।