कांगड़ा। हिमाचल के कांगड़ा जिला में एक पंचायत के चौकीदार ने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मामला कांगड़ा जिला की पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा के तहत पड़ते मंड मियानी गांव से सामने आया है। यहां सरकारी स्कूल के शौचालय के पीछे ही पंचायत चौकीदार का फंदे पर लटका हुआ शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और आगामी जांच शुरू कर दी है।
पंचायत चौकीदार ने पेड़ से लगाया फंदा
मृतक व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय शादी लाल पुत्र मदन लाल निवासी मंड मियानी तहसील इंदौरा के रूप में हुई है। शादी लाल मंड मियानी पंचायत में बतौर चौकीदार तैनात था। शादी लाल के चचेरे भाई ने बताया कि शादी लाल बुधवार सुबह घर से निकला था, लेकिन उसके बाद घर नहीं लौटा। शाम तक घर ना लौटने पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
यह भी पढ़ें: गोद में 4 साल की बेटी, थैले में भरा था नशा; अमृतसर से हिमाचल पहुंच गया शख्स
स्कूल के शौचालय के पीछे लटका मिला शव
आज गुरुवार सुबह जब परिजन पंचायत भवन के आसपास उसकी तलाश कर रहे थे, तभी पंचायत भवन की छत पर चढ़े एक शख्स को शादी लाल का शव पंचायत घर के साथ लगते सरकारी स्कूल के शौचालय के पीछे पेड़ से लटका दिखा। जिसकी सूचना तुरंत ही पंचायत प्रधान और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया।
यह भी पढ़ें: नेता राजनीति नहीं करेगा, तो क्या गोलगप्पे बेचेगा?, कंगना ने शंकराचार्य पर कसा तंज
कुछ माह पहले हुई थी पिता की मौत
बताया जा रहा है कि शादी लाल के पिता की कुछ माह पहले ही मृत्यु हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार शादी लाल कुछ दिनों से किसी से बात नहीं कर रहा था और चुपचाप ही अपनी ड्यूटी पर आ जा रहा था। शादी लाल अविवाहित था। हालांकि परिजनों का कहना है कि शादी लाल का परिवार में किसी से कोई मनमुटाव नहीं था।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के अग्निवीर जवान की कश्मीर में गई जा*न, मां शादी के लिए देख रही थी लड़की
पुलिस कर रही मामले की जांच
वहीं चौकी प्रभारी ठाकुरद्वारा चमन कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं फोरेंसिंक टीम को भी मौके पर बुलाया, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस ने नूरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।