मंडी। हिमाचल प्रदेश को देवी-देवाताओं की भूमि कहा जाता है। मगर यहां पर बहुत सारे लोग ऐसे हैं जो अंधविश्वास के चक्कर में पड़े रहते हैं। इसी से जुड़ा मामला हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से सामने आया है।
माया के लालच में 'जादू-टोना'
यहां लोट पंचायत के चतरुहन में जमीन में माया ढूंढने पहुंचे करीब 6 लोगों को ग्रामीणों ने धर-दबोचा है। ये लोग यहां जमीन में दबी माया को निकालने के लिए तांत्रिक और बकरा साथ लेकर आए थे।
यह भी पढ़ें: मंत्री विक्रमादित्य के विभाग को मिले 295 करोड़, सुधरेगी प्रदेश की सड़कों की हालत
तांत्रिक और बकरा लेकर पहुंचे 6 लोग
बताया जा रहा है कि गांव की किसी लड़की ने देखा कि यह लोग चतरूहन स्थान पर कुछ कर रहे थे। उसने घर जाकर परिजनों को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय पंचायत द्वारा पुलिस को सूचित किया गया।
जमीन में किए थे दो गड्ढे
वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गोहर पुलिस की टीम ने बकरे की बलि देने से पहले ही 6 के 6 लोगों को दबोच लिया। शुरुआती जांच में पाया गया कि चतरूहन स्थान पर जमीन में दो गड्ढे किए गए थे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : स्वास्थ्य विभाग में होगी 2700 पदों पर भर्ती, यहां जानिए डिटेल
पहले भी कई लोग कर चुके ऐसा काम
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हरकत पहले भी कई लोगों द्वारा की गई है। अब फिर ये लोग तांत्रिक और बलि का बकरा लेकर यहां पहुंचे थे। मगर इससे पहले कि ये अपने मकसद को अंजाम दे पाते ग्रामीणों ने इन्हें धर-दबोच लिया।
माया हासिल करना चाहते थे ये लोग
जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा पकड़े गए ये आधा दर्जन लोग सभी स्थानीय हैं। पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि चतरूहन स्थान पर जमीन में माया दबी है और उसे वे हासिल कर सकते हैं। माया पाने के लालच में ही ये लोग यहां आए थे। फिलहाल, पुलिस ने इन लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : 8 साल की बच्ची के साथ दो रिश्तेदारों ने किया था मुंह काला, ऐसे हुआ खुलासा