#अपराध
June 10, 2026
हिमाचल : सिगरेट की डिब्बी में छिपा रखा था चिट्टा, STF ने पंजाबी समेत 3 युवकों को दबोचा
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
शेयर करें:

कांगड़ा। नशे की तस्करी में शामिल लोग पुलिस से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन इस बार उनकी चालाकी ज्यादा देर तक काम नहीं आई। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा स्थित नूरपुर के राजा का बाग क्षेत्र में एसटीएफ कांगड़ा की टीम ने ऐसी ही एक तरकीब का पर्दाफाश करते हुए सिगरेट की डिब्बी में छिपाकर रखे गए चिट्टे के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक आरोपी पंजाब का रहने वाला है।
STF कांगड़ा की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी उन्हें मुखबिर से राजा का बाग क्षेत्र में नशे की डील होने की पुख्ता सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने नेशनल हाईवे पर स्थित हिम फैड गोदाम के समीप नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। पुलिस ने वहां खड़े तीन संदिग्ध युवकों की तलाशी ली।
इस दौरान उनके बैग से एक सिगरेट की डिब्बी बरामद हुई। जब पुलिस ने डिब्बी को खोलकर देखा तो उसके अंदर 16.66 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) छिपाकर रखा गया था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह उर्फ चुन्ना (36) पुत्र मोहिंदर सिंह निवासी कंडवाल, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा, गौरव समकरिया उर्फ गोरू (26) पुत्र ईश्वर सिंह निवासी ठेहर, तहसील नूरपुर, जिला कांगड़ा तथा मनदीप सिंह उर्फ गोल्डी (35) पुत्र मेजर सिंह निवासी जालंधर, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद चिट्टे को सील कर अपने कब्जे में ले लिया है। थाना नूरपुर में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 147/2026 के तहत धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम सुराग मिल सकते हैं।