#अपराध
April 4, 2026
हिमाचल: किराए के कमरे में रहने वाले युवक की सड़क किनारे मिली देह- चेहरे पर मिले चोट के निशान
सड़क किनारे मुंह के बल पड़ा था युवक
शेयर करें:

बिलासपुर। बिलासपुर शहर के पास कुनाला इलाके में एक प्रवासी युवक की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला और उसके साथियों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल ले जाने की कोशिश की लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला जिला बिलासपुर शहर के साथ लगते कुनाला क्षेत्र में पेश आया है। बता दें कि युवक बिलासपुर में दिहाड़ी-मजदूरी करता था और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए यहां आया था लेकिन किसे पता था कि उसके साथ ऐसा हो जाएगा।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मृतक के चेहरे पर चोट के निशान थे। उसकी नाक से खून बह रहा था और होंठ व ठोड़ी पर चोट के गहरे निशान पाए गए। मृतक के साथ रहने वाले साथी धनेश्वर यादव और संतोष कुमार ने बताया कि वे सभी एक ठेकेदार के पास काम करते थे और किराए के मकान में रहते थे।
साथियों ने पुलिस को बताया कि ललटू कुमार रात तक काम से वापस नहीं आया तो साथी उसकी तलाश में निकल पड़े। तलाश के दौरान वो कुनाला इलाके में सड़क किनारे मुंह के बल गिरा हुआ पाया गया। इसके बाद ठेकेदार के बेटे की गाड़ी से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान ललटू कुमार, गाव मोहम्मदपुर, सहारसा जिले (बिहार) के रुप में हुई है।
साथियों ने किसी पर भी संदेह नहीं जताया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया लगता है कि सड़क पर गिरने से मौत हुई होगी। हालांकि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा ताकि मौत की असली वजह का पता चल सके।
SP बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि की है और बताया कि थाना सदर पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ललटू कुमार कैसे और क्यों इस स्थिति में पहुंचा।