ऊना। हिमाचल में बढ़ते आत्महत्याओं के मामलों के बीच अब एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिाचल के ऊना जिला में हिमाचल पुलिस के एक जवान ने पत्नी, सास और साली की प्रताड़ना से तंग आकर मौत को गले लगा लिया है। बड़ी बात यह है कि इस पुलिस जवान की शादी को अभी मात्र छह माह ही हुए थे। पुलिस जवान की मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस लाइन में निगला जहरीला पदार्थ
हिमाचल पुलिस के इस जवान ने पुलिस लाइन ऊना (झलेड़ा) में जहरीला पदार्थ निगल कर अपनी जान दे दी है। मृतक जवान की पहचान विशाल उर्फ हनी पुत्र रविंद्र कुमार निवासी चक्कसराएं अंब के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: बेटे का रिश्ता पक्का करने निकले थे, खाई में गिरी कार-उजड़ गया परिवार
विशाल डीएसपी ऊना का चालक भी रह चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं जवान बेटे की मौत से उसके परिवार में मातम पसर गया है।
ससुराल पक्ष पर लगा प्रताड़ना का आरोप
विशाल के पिता ने अपने बेटे की पत्नी, सास और साली पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुराल के उत्पीड़न के कारण ही उनके बेटे ने आत्महत्या की है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विशाल के पिता ने बताया कि ससुराल पक्ष के लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर उनके बेटे ने यह कदम उठाया।
6 महीने पहले हुई थी शादी
पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक जवान विशाल के पिता रविंद्र कुमार ने बताया कि छह महीने पहले उनके बेटे विशाल की शादी मधु नाम की लड़की से हुई थी। शादी के बाद से ही विशाल को उसकी सास बेबी, साली ममता और पत्नी मधु परेशान करते थे ।
उन्होंने बताया कि उसकी बहू अक्सर घर की छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद खड़ा कर देती थी और अपनी मां तथा बहन से मिलकर उनके बेटे पर दबाव डालती थी। मधु सरकारी क्वार्टर में रहती थी और पिछले 15 दिनों से अपने मायके में रह रही थी।
परेशान होकर ले ली अपनी ही जान
रविंद्र कुमार ने बताया कि 28 मई को उनका बेटा अपनी पत्नी से मिलने भटौली गया था। इसके बाद अगले दिन वह ड्यूटी पर लौट आया, लेकिन उसका फोन मधु ने अपने पास ही रख लिया था। इस घटना से पहले भी विशाल ने परिवार को बताया था कि उसे उसकी पत्नी और ससुराल वाले मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सीर खड्ड में डूबा 17 साल का युवक, मां-बाप का था इकलौता सहारा
ऐसे में गुरुवार रात को सूचना मिली कि विशाल ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही कार्रवाई
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे सभी पहलुओं की जांच करेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।