Girl Suicide: ऊना। हिमाचल में आत्महत्याओं का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के ऊना जिला से सामने आया है। यहां एक 26 वर्षीय युवती ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली है। मामला ऊना जिला के पुलिस थाना गगरेट के तहत आते दौलतपुर चौक के वार्ड नंबर तीन से सामने आया है। युवती ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
जहरीला पदार्थ निगलने से युवती की मौत
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर बाद रजनी देवी ने अज्ञात कारणों से जहर निगल लिया। जहर निगलने से रजनी की तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे परिजन एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद युवती को गंभीर हालत में क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन यहां भी उसकी स्थिति में सुधार ना होता देख चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया।
पीजीआई ले जाते रास्ते में हुई मौत
बताया जा रहा है कि जब परिजन युवती को पीजीआई ले जा रहे थे, तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिसके चलते परिजन उसे वापस ले आए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर कार युवती ने जहर क्यों निगला।
पुलिस कर रही मामले की जांच
चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: ससुराल में महिला को 30 दिन तक बनाया बंधक, बेटे-बेटियों ने की मारपीट
ऐसे में युवती द्वारा आत्महत्या करने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। मृतक युवती की पहचान रजनी देवी पुत्री रणवीर सिंह निवासी वार्ड नंबर तीन दौलतपुर चौक के रूप में हुई है।