ऊना। कहते हैं कि कर्ज का बोझ सबसे बड़ा बोझ होता है। इस कर्ज के बोझ को कई लोग सहन नहीं कर पाते हैं और अपनी जान दे देते हैं। ऐसा ही एक मामला अब हिमाचल के ऊना जिला से सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने कर्ज के बोझ से परेशान होकर आत्महत्या कर ली है। व्यक्ति ठेकेदारी करता था। मामला सामने आने पर पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
बैंक में बना रखी थी लिमिट
बताया जा रहा है कि ऊना जिला के अंब में कर्ज के बोझ में दबे एक 40 साल के ठेकेदार ने आत्महत्या कर ली है। मृतक व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र कृष्ण गोपाल वासी वार्ड नंबर दो के रूप् में हुई है। सुनील अंब में ही ठेकेदारी का काम करता था। ठेकेदारी के लिए ही उसने अंब में स्थित एक बैंक से लिमिट बना रखी थी। लेकिन लिमिट के सारे पैसे खत्म हो चुके थे।
यह भी पढ़ें: नाले में मिली बाइक, 22 वर्षीय अभिषेक के बहने की आशंका- सर्च ऑपरेशन जारी
पत्नी करती है निजी स्कूल में नौकरी
सुनील कुमार लिमिट के कर्ज से काफी परेशान था और घर में ही रह रहा था। इसी बीच उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस को दिए बयान में सुनील की पत्नी शैली ने बताया कि वह एक निजी प्राइवेट स्कूल में नौकरी करती है। बीते रोज सोमवार को जब वह स्कूल से घर लौटी तो सुनील घर पर नहीं था। जब उसने फोन किया तो सुनील का फोन भी बंद आ रहा था।
यह भी पढ़ें: स्कूटी पर लिफ्ट लेकर घर जा रही थी रमा, ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर और…
बेटी बोली- पापा घर आए थे और थोड़ी देर बाद बाहर चले गए
शैली ने बताया कि उसने बाजार जाकर सुनील के दोस्तों से पूछा, लेकिन उन्हें भी सुनील के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। शैली ने घर आकर बेटी से इस बारे में पूछा, तो उसने बताया कि पापा घर आए थे और थोड़ी देर के बाद वापस बाहर चले गए। जिस पर शैली पति की तलाश में अपने पुराने मकान की तरफ गई। जहां अंदर जाकर देखा तो सुनील पंख से लगाए फंदे से लटक रहा था।
यह भी पढ़ें: 24 साल के आर्यन ने किसी को कुछ नहीं बताया और छोड़ गया दुनिया
फंदे से उतार कर अस्पताल पहुंचाया शख्स
शैली ने तुरंत ही अपने देवर को इसके बारे में बताया और सुनील को फंदे से उतार कर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। एसएचओ अंब गौरव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।