#अपराध

July 24, 2026

हिमाचल : बेटे के अंतिम संस्कार से पहले घरवालों ने रची कहानी, गांववालों को हुआ शक- बुलाई पुलिस

गर्दन और पीठ पर दिखे चोट के निशान 

शेयर करें:

Himachal Solan News

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के दौरान अचानक चिता जलने से पहले ही रोकनी पड़ गई। श्मशानघाट में अंतिम संस्कार की पूरी तैयारी हो चुकी थी और चिता भी सजाई जा चुकी थी। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों की नजर मृतक के शरीर पर पड़े चोट के संदिग्ध निशानों पर गई। निशान देखकर लोगों को मौत की वजह पर शक हुआ और उन्होंने अंतिम संस्कार रुकवा दिया।

गर्दन और पीठ पर दिखे चोट के निशान 

जानकारी के अनुसार, बीते दिन जब प्रवासी कामगार का शव अंतिम संस्कार के लिए श्मशानघाट लाया गया तो वहां समाजसेवी कमल ज्ञानी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद थे। इसी दौरान लोगों ने मृतक के शरीर पर, खासकर गर्दन और पीठ पर चोट के कई निशान देखे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर भारी बारिश का खतरा : 3 दिन ऑरेंज अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

इन निशानों को देखकर स्थानीय लोगों को शक हुआ कि मामला सिर्फ सड़क हादसे का नहीं हो सकता। लोगों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए बिना जांच के अंतिम संस्कार करने पर आपत्ति जताई और शव का पोस्टमार्टम करवाने की मांग की।

परिजनों ने कहा- बाइक से गिरने के कारण हुई मौत

वहीं, मृतक के परिजनों ने मौत की अलग वजह बताई। परिजनों का कहना था कि मृतक शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में बाइक से गिर गया था। उनके अनुसार, हादसे में लगी चोटों के कारण उसकी मौत हुई।

यह भी पढ़ें : HRTC का बड़ा फैसला : कंडक्टर के लिए फ्रंट सीट रिजर्व, ड्राइवर के मोबाइल इस्तेमाल पर रोक

परिजन इस मामले में पुलिस कार्रवाई या पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते थे। वे जल्द से जल्द अंतिम संस्कार करना चाहते थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने चोट के निशान देखकर अंतिम संस्कार रोक दिया।

विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस 

श्मशानघाट में विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में पोस्टमार्टम को लेकर पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन स्थानीय लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। लोगों का कहना था कि जब शरीर पर चोट के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं तो मामले की पूरी जांच होना जरूरी है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।

यह भी पढ़ें : मणिमहेश यात्रा के नियम बदले : अब बिना रजिस्ट्रेशन नहीं होगी एंट्री, शुल्क भी बढ़ा

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव 

मामले की गंभीरता और चोटों के संदिग्ध निशानों को देखते हुए आखिरकार पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी पवीरेंद्र कुमार के निर्देश पर शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेजा गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि व्यक्ति की मौत सड़क हादसे में हुई या इसके पीछे कोई और वजह है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

SP बद्दी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की आशंका और मांग को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख