#अपराध
April 1, 2026
हिमाचल : यूनिवर्सिटी के छात्र की मौ*त पर बवाल, प्रबंधन पर FIR दर्ज- जानें क्या है पूरा मामला
छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में किया विरोध प्रदर्शन, डायरी में मिला नोट
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में 21 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद न सिर्फ कैंपस में हंगामा हुआ, बल्कि छात्रों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी किया। मामला इतना बढ़ गया कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन के खिलाफ FIR तक दर्ज करनी पड़ी।
सोलन के मधुबन कॉलोनी से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 21 साल के एक युवक ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं यूनिवर्सिटी कैंपस में भी माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना सोलन की पुलिस टीम तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल पहुंची, जहां युवक को मृत अवस्था में पाया गया। शुरुआती जांच में मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है, जो शिमला के रोहड़ू क्षेत्र का रहने वाला था और सोलन के मधुबन कॉलोनी में किराए के कमरे में रह रहा था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की बारीकी से जांच की। इस दौरान गले पर रस्सी के निशान के अलावा शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं मिले। कमरे से पुलिस को मोबाइल फोन, एक डायरी और रस्सी बरामद हुई है। डायरी में एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें नितिन ने अपनी निजी परेशानियों का जिक्र करते हुए यह कदम उठाने की बात लिखी है।
बताया जा रहा है कि नितिन शूलिनी यूनिवर्सिटी से जुड़ा हुआ था। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में माहौल अचानक गरमा गया और सैकड़ों छात्र इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि नितिन को प्लेसमेंट के दौरान जो वेतन पैकेज बताया गया था, उसे पूरा नहीं किया गया और उसे कम वेतन दिया जा रहा था। उनका कहना है कि इसी वजह से वह मानसिक तनाव में था।
इसके अलावा छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी द्वारा 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का जो दावा किया जाता है, वह भी पूरी तरह सही नहीं है और कई छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जाता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और यूनिवर्सिटी से जुड़े अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि मौके से बरामद मोबाइल, डायरी और अन्य साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच के लिए SFSL जुन्गा भेजा जा रहा है फिलहाल इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे इलाके और यूनिवर्सिटी माहौल को भी प्रभावित किया है। अब सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके।