#अपराध
August 26, 2026
हिमाचल में 70 वर्षीय बुजुर्ग का कारनामा : सेब के बगीचे में उगा रहा था भांग, हुआ गिरफ्तार
70 वर्षीय बुजुर्ग के खिलाफ मामला दर्ज
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। शिमला जिले में पुलिस ने एक साथ कई जगहों पर कार्रवाई करते हुए सेब के पेड़ों के बीच अवैध भांग की खेती का पर्दाफाश किया है। साथ ही नशे की खेप भी बरामद की। इस कार्रवाई में 70 साल के बुजुर्ग को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के चिड़गांव से सामने आया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चिड़गांव में सेब के पेड़ों के बीच भांग की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्व विभाग और स्थानीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मौके पर छापेमारी की। यहां करीब 2 बिस्वा जमीन पर अवैध रूप से भांग के 1,240 पौधे उगाए गए थे।
इस मामले में पुलिस ने 70 वर्षीय योगिंदर सिंह, निवासी चिड़गांव, के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने नियम के अनुसार 20 पौधों और मिट्टी के नमूने कब्जे में लिए, जबकि बाकी 1,220 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
चिड़गांव पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में धाकगांव की एक निजी जमीन पर दबिश दी। पुलिस को यहां अवैध भांग की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर जमीन पर 1,620 भांग के पौधे उगे हुए मिले।
पुलिस ने पटवारी, वार्ड सदस्य और SDPO रोहड़ू की मौजूदगी में 20 पौधों को जांच के लिए नमूने के तौर पर सील किया। वहीं, बाकी 1,600 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस मामले में 46 वर्षीय दीवान चंद, निवासी चिड़गांव, के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, 25 अगस्त को झाकड़ी पुलिस ने धार गौरा के पास डोई खड्ड में नाकेबंदी की थी। इस दौरान पुलिस टीम आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। चेकिंग के दौरान एक वाहन में सवार तीन लोगों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान तीनों के कब्जे से कुल 3.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।