#अपराध

June 13, 2025

हिमाचल : स्कूटी चलाते पकड़ा गया 16 साल का लड़का, माफी मांगता रहा पिता- पुलिस ने थमाया मोटा चालान

स्कूटी जब्त, RC निलंबन की सिफारिश

शेयर करें:

minor driving case nahan

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर ज़िले के मुख्यालय नाहन में ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर एक कड़ा और अनुकरणीय कदम उठाया है। बाजार क्षेत्र में हिंदू आश्रम के पास गश्त कर रही ट्रैफिक टीम ने 16 वर्षीय लड़के को स्कूटी चलाते पकड़ा। नाबालिग को स्कूटी चलाता देख पुलिस ने उसे रोका और वहीं चालान काट दिया

26 हजार का काटा चालान

पुलिस ने HP-18B-4809 नंबर की स्कूटी को जब्त कर, उस पर 26,000 का भारी भरकम चालान किया गया है। साथ ही स्कूटी के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) के निलंबन की सिफारिश भी की गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंजाब के राज्यपाल और पत्नी की बिगड़ी तबीयत, रात में 2 बार काटे IGMC के चक्कर

25 साल की उम्र तक नहीं मिलेगा लाइसेंस

ट्रैफिक प्रभारी विजय ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 4/181, 199 और 119/177 के तहत की गई है। इसके अनुसार, अब उस नाबालिग लड़के को 25 वर्ष की आयु तक ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा। यह प्रावधान उन मामलों में लागू होता है जहां नाबालिग वाहन चलाते पकड़ा जाता है।

पिता मांगता रहा माफी

वहीं, इस खबर के मिलते ही बच्चे का पिता मौके पर पहुंचा। जहां पुलिस ने उनकी खूब क्लास लगाई। पिता पुलिस के सामने हाथ जोड़ता और कान पकड़ता नजर आया। मगर, पुलिस का साफ कहना था कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन करने पर किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल टीमेट मामले में अधिकारियों के खिलााफ FIR, ड्यूटी के वक्त करंट लगने से थम गई थी सांसें

स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर की प्रशंसा

इस सख्त कार्रवाई को लेकर स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने ट्रैफिक पुलिस की प्रशंसा की है। लोगों का कहना है कि यह कदम उन लापरवाह अभिभावकों के लिए चेतावनी है जो अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की छूट दे देते हैं, जिससे सड़क पर खुद के साथ-साथ दूसरों की जान को भी खतरा होता है।

नाहन पुलिस सड़क सुरक्षा पर सख्त

यह कार्रवाई इस बात का प्रमाण है कि नाहन ट्रैफिक पुलिस नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं कर रही। शहर में समय-सीमा और उम्र संबंधी नियमों को लेकर पुलिस का कड़ा रुख न सिर्फ नाबालिग चालकों पर अंकुश लगाएगा, बल्कि परिजनों की जिम्मेदारी भी तय करेगा।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख