#अपराध
January 25, 2025
हिमाचल: 10 लाख की ठगी- पुलिस को बार-बार दिया चकमा, ऐसे पकड़ी गई महिला ठग
ठग टीना यादव दिल्ली से गिरफ्तार हुई है
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी की टीम ने साइबर ठगी के एक मामले में दिल्ली से एक महिला को गिरफ्तार किया है। बता दें कि महिला द्वारा इंश्योरेंस पॉलिसी की मेच्योरिटी राशि प्राप्त करने के नाम पर 10.76 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी
बताते चलें कि आरोपी महिला की पहचान टीना यादव पत्नी दीपक, निवासी शाहदरा दिल्ली के रूप में हुई है। टीना यादव और उसके सहयोगियों ने मिलकर मंडी शहर के एक निवासी से ठगी को अंजाम दिया था।
जानकारी के अनुसार, मंडी शहर निवासी ने 23 जनवरी 2024 को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी में इस ठगी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने उसे इंश्योरेंस पॉलिसी की मेच्योरिटी राशि दिलवाने का झांसा देकर उसके साथ ठगी की। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में कुल 7.40 लाख रुपये, 106 ट्रांजेक्शन के माध्यम से प्राप्त हुए थे।
इस मामले में पहले साइबर क्राइम पुलिस ने जून 2024 में शंशाक रस्तोगी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जो दिल्ली के ज्वाला नगर का निवासी है। उसके बाद से पुलिस आरोपी टीना यादव की तलाश में जुटी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम पुलिस ने निरीक्षक संजीव कुमार की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई थी। आरोपी टीना यादव बार-बार अपना ठिकाना बदल रही थी, लेकिन पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सोर्स रिपोर्ट के आधार पर दिल्ली में जांच शुरू की। जिसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी टीना यादव को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
मामले की पुष्टि साइबर क्राइम पुलिस स्टेशनमंडी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस अब आरोपी के सहयोगियों की पहचान करने के लिए भी जांच कर रही है।