#अपराध
May 29, 2025
हिमाचल : घर से दूर था बेटा, बहू की इज्जत पर ससुर ने डाला डाका- डेढ़ साल पहले ही हुई थी शादी
भराड़ी में रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के भराड़ी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बहू ने अपने ससुर पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ससुर को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया और बुधवार को अदालत में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर ले लिया है।
पीड़ित महिला की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। उसका पति किसी अन्य जिले में नौकरी करता है, जबकि वह घर में अपने सास-ससुर के साथ रह रही थी। सोमवार रात को सास और ससुर ने उसे कथित रूप से घर से निकाल दिया, जिसके बाद मंगलवार सुबह वह भराड़ी थाना पहुंची।
महिला ने थाने में पहले केवल घर से बाहर निकालने की शिकायत दी, लेकिन जब पुलिस ने विस्तृत जानकारी मांगी, तो उसने रोते हुए बताया कि उसका ससुर काफी समय से यौन उत्पीड़न कर रहा था और उसने जबरन दुष्कर्म भी किया है। इसके बाद पुलिस ने IPC की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवा लिया है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने आरोपी के घर से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
भराड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने पुष्टि की है कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को बुधवार को घुमारवीं अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।