शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अभी हाल ही में हुए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में कुपवी दौरे के दौरान रात्रि भोज में कथित तौर पर परोसे गए "जंगली मुर्गे" को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है।
इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और स्थानीय निवासियों की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कुपवी में मामला दर्ज किया गया है।
पंचायत प्रधान ने दी पुलिस को शिकायत
शिकायतकर्ता पंचायत प्रधान सुमन चौहान और स्थानीय निवासी नीटू कुमार ने इस संबंध में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामला आईपीसी की धारा 353(2) और 356 BNS के तहत दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ड्राइवर की बेटी का कमाल- नहीं आती थी इंग्लिश, अब जर्मनी में बजाएगी डंका
पंचायत प्रधान सुमन चौहान ने अपनी शिकायत में बताया कि 13 दिसंबर को टिक्कर गांव में मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए महिलाओं द्वारा पारंपरिक भोजन तैयार किया गया था।
क्षेत्र में नहीं पाया जाता जंगली मुर्गा
उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया और कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा एक फर्जी मेन्यू प्रसारित किया गया, जिसमें पारंपरिक भोजन को गलत तरीके से दिखाया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : महिला डॉक्टर का लालच मरीज को ले डूबा- होगी अरेस्ट!
उन्होंने इसे क्षेत्र की संस्कृति और परंपराओं को बदनाम करने की कोशिश बताया। शिकायतकर्ताओं ने दावा किया कि जिस "जंगली मुर्गे" की बात की जा रही है वह इस क्षेत्र में पाया ही नहीं जाता। उन्होंने इसे चेहता परगना समुदाय का अपमान बताते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जांच में जुटी पुलिस
सुमन चौहान ने कहा कि यह झूठी जानकारी न केवल उनके गांव बल्कि पूरे समुदाय की प्रतिष्ठा पर आघात है। उधर, पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : चिट्टे की खेप ठिकाने लगाने जा रहा था युवक, मोड़ पर खड़ी मिली पुलिस
पंचायत प्रधान और स्थानीय निवासियों ने भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की है। इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है और लोग इसे अपनी सांस्कृतिक विरासत पर हमला मान रहे हैं।