#अपराध
July 12, 2026
हिमाचल : लग्जरी बस में नशा तस्करी, पुलिस ने लाखों की चरस संग एक हरियाणवी धरा
जांच के लिए रोकी वोल्वो बस
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने कार्रवाई करते हुए मनाली-हरिद्वार रूट पर चल रही एक वोल्वो बस से लाखों की चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के मनाली से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मनाली-हरिद्वार रूट पर चल रही वोल्वो बस (HR-47H-0011) को तलाशी के लिए रोका।
टीम ने बस के हर यात्री की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक युवक पुलिस को देख घबरा गया और संदिग्ध व्यवहार करने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने युवक की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.006 किलो चरस बरामद हुई। इसके बाद टीम ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान 26 वर्षीय रिंकू ठाकुर पुत्र महावीर सिंह निवासी राम चौक, हरि नगर, शिव मंदिर के पास, मॉडल टाउन, जिला पानीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
STF ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था। इसके अलावा इस पूरे नेटवर्क, पैसों के लेन-देन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहराई से जांच की जा रही है।