हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में चल रहे एक नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक की हत्या की खबर सामने आई है। आज यानी रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक की हत्या कर दी गई है। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मामला हिमाचल के हमीरपुर जिला के बड़सर में स्थित नशा मुक्ति केंद्र बणी से सामने आया है।
नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या
युवक की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को उचित दिशा निर्देश दिए। इस दौरान फॉरेंसिंक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक के साथ शुक्रवार की रात को मारपीट की गई थी। जिसके चलते शनिवार की रात को युवक की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: महिलाओं को दिए 1500 रुपए वापस ले रहे: सुक्खू सरकार पर ठगी का आरोप
पुलिस के पहुंचने से पहले संचालक फरार
मृतक युवक की पहचान अमित कुमार निवासी टौणी देवी जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। बड़सर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है। नशा मुक्ति केंद्र का संचालक तुषार निवासी भोरंज पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया था। जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं एक अन्य पंजाब का युवक भी लापता बताया जा रहा है।
पंजाब का एक युवक भी लापता
पंजाब का एक युवक अमनप्रीत भी बणी में स्थित नशा मुक्ति केंद्र में नशा छुड़ाने आया था। इस युवक को जाहू स्थित नशा मुक्ति केंद्र में शिफ्ट करने की बात सामने आ रही है। हालांकि यह युवक अभी फरार है। पुलिस जाहू के नशा मुक्ति केंद्र में जाकर भी मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: बाबा ने बुलाया है, तो आप भी जाइये : आज से शुरू हुई श्री खंड महादेव की यात्रा
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं मामले में आगामी छानबीन की जा रही है। नशा मुक्ति केंद्र वणी के फरार संचालक तुषार और पंजाब के लापता अमनप्रीत की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।