#अपराध
April 3, 2026
हिमाचल : सालगिरह से पहले दंपति का हुआ झगड़ा- 24 वर्षीय पति ने खत्म किया अपना जीवन
13 दिन बाद थी सालगिराह
शेयर करें:

सोलन। खुशियों का इंतजार कर रहे एक परिवार में मातम पसर गया। शादी की सालगिरह में अभी 13 दिन बाकी थे और घर में तैयारियों को लेकर उत्साह था, लेकिन एक मामूली कहासूनी ने अचानक भयानक रूप ले लिया। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर पति ने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। यह दुखद घटना जिला सोलन से सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के झाड़माजरी का है। बताया जा रहा है कि दंपति किराए के कमरे में रहते थे। बीते बुधवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली विवाद था, लेकिन धीरे-धीरे बात इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण हो गया।
गुस्से में आकर महिला के पति ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया। उसकी पत्नी को अंदेशा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकता है, इसलिए वह रातभर कमरे के बाहर ही बैठी रही, यह सोचकर कि कुछ समय बाद सब सामान्य हो जाएगा। लेकिन सुबह जो हुआ, उसने सबको झकझोर कर रख दिया।
बीते गुरुवार सुबह करीब 4 बजे जब पत्नी ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर महिला का पति पंखे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। बरोटीवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेजा गया और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मुलायम सिंह उम्र 24 साल, पुत्र विजेंद्र सिंह, निवासी बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
जांच के दौरान एक और भावुक कर देने वाली बात सामने आई। मुलायम सिंह की शादी पिछले साल 16 अप्रैल को हुई थी और उसकी पहली शादी की सालगिरह आने में महज 13 दिन बाकी थे। जिस घर में सालगिरह की खुशियों की तैयारी होनी थी, वहां अचानक मातम छा गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि इस घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।