#अपराध
July 16, 2026
हिमाचल: युवक ने घर में छिपाया था लाखों का चिट्टा, ढेर सारे गहने- आईफोन और नगदी भी मिली
नशेडियों ने गहने गिरवी रख कर तो नहीं खरीदा आरोपी से चिट्टा!
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में पैर पसार रहे जानलेवा नशे चिट्टे के बढ़ते मामलों के बीच चंबा जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों से लेकर आम जनता तक सभी को हैरान कर दिया है। देवभूमि में नशे के काले कारोबार की जड़ें किस कदर गहरी हो चुकी हैं, इसका अंदाजा चंबा में हुई इस ताजा कार्रवाई से लगाया जा सकता है।
यहां पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने एक गुप्त सूचना के आधार पर जिला मुख्यालय से ठीक सटे बालू कस्बे में एक शातिर नशे के सौदागर के घर पर दबिश दी। इस छापेमारी में पुलिस ने न सिर्फ लाखों रुपये की कीमत का चिट्टा बरामद किया है, बल्कि घर के भीतर से भारी मात्रा में सोना-चांदी, महंगे आईफोन और मोटी नकदी भी जब्त की है, जिसे देखकर खुद पुलिस टीम भी दंग रह गई।
बालू कस्बे में हुई इस बड़ी कार्रवाई की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी मनोज कुमार धवन के घर पर जब एसआईयू की टीम ने अचानक छापा मारा, तो वहां से 42.37 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। लेकिन चौंकाने वाली बात तब सामने आई जब घर की तलाशी के दौरान 216.900 ग्राम शुद्ध सोना, 479 ग्राम चांदी, दो चमचमाते आईफोन और 64,640 रुपये की नकदी बरामद की गई। पुलिस को शक है कि यह सारा सोना-चांदी और कीमती सामान नशे की काली कमाई से ही खड़ा किया गया है। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूरी संपत्ति और सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कलयुगी बेटे ने ली पिता की जा.न, मां ने दिया साथ! बिजली बोर्ड में करता है नौकरी
इस सनसनीखेज रिकवरी के पीछे पुलिस को एक बेहद खौफनाक और शातिर नेटवर्क की बू आ रही है। प्रारंभिक जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस अधिकारियों को अंदेशा है कि बरामद किए गए सोने-चांदी के ये आभूषण उन अभागे और आदी हो चुके युवाओं के हो सकते हैं, जिन्होंने चिट्टा खरीदने के बदले पैसे न होने पर अपने घरों के गहने इस तस्कर के पास गिरवी रख दिए थे। नशे की लत में डूबे लोग किस हद तक जा सकते हैं, यह इस बरामदगी से साफ जाहिर होता है। पुलिस अब बारीकी से उन कड़ियों को जोड़ रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि ये आभूषण मूल रूप से किन परिवारों के हैं।
पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर यह भी साफ हुआ है कि आरोपी मनोज कुमार धवन कोई नौसिखिया नहीं है, बल्कि वह पहले भी चिट्टे की तस्करी के आरोप में चंबा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। पिछली बार आरोपी किसी तरह कानून की कमियों का फायदा उठाकर जमानत पर बाहर आ गया था और जेल से छूटते ही उसने फिर से मौत का यह कारोबार दोगुने स्तर पर शुरू कर दिया। हालांकि, इस बार पुलिस ने उसे भारी मात्रा में चिट्टे के साथ दबोचा है, जिसे कमर्शियल और बेहद गंभीर श्रेणी में माना जा रहा है। कानूनी विशेषज्ञों की मानें तो इस बार आरोपी का आसानी से जमानत पर बाहर आना नामुमकिन के बराबर होगा।
एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने साफ किया है कि पुलिस इस मामले को सिर्फ एक साधारण ड्रग पेडलिंग के तौर पर नहीं देख रही है, बल्कि इसके पीछे छिपे पूरे सिंडिकेट को नेस्तनाबूद करने की तैयारी में है। मामले की हर पहलू से गहनता से तफ्तीश की जा रही है। पुलिस को पूरी उम्मीद है कि रिमांड के दौरान आरोपी से होने वाली कड़ी पूछताछ में चंबा और बाहरी राज्यों से जुड़े कई और बड़े नशा तस्करों तथा सप्लायरों के नाम सामने आ सकते हैं। आने वाले दिनों में इस पूरे रैकेट से जुड़े कई और रसूखदार लोगों की गिरफ्तारियों से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।