#अपराध
June 6, 2025
हिमाचल : मां-बाप की डांट से नाराज 14 साल के बेटे ने छोड़ी दुनिया, पसरा मातम
माता पिता ने टीवी देखने से किया था मना
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में आए दिन आत्महत्याओं के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के बिलासपुर जिला से सामने आया है। यहां एक 10वीं के छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। बेटे की मौत का पता चलते ही पूरे परिवार में मातम पसर गया। वहीं मृतक की मां बेटे के शव को फंदे पर झूलता देख बेसुध हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला बिलासपुर जिला के उपमंडल घुमारवीं के तहत आते पनोह पंचायत से समाने आया है। हैरानी की बात यह है कि बच्चे ने आत्महत्या सिर्फ इसलिए कर ली, क्योंकि उसके माता पिता ने उसे टीबी देखने से मना किया था। परिजनों से नाराज होकर वह पुराने मकान में चला गया और वहीं पर उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक किशोर की पहचान 14 वर्षीय सौरव पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। सौरव 10वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार सौरव बीते रोज टीवी देखने की जिद कर रहा था। लेकिन माता पिता ने उसे पहले स्कूल का होमवर्क करने को कहा। जिससे वह नाराज हो गया और पुराने मकान की तरफ चला गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
जब परिवार के लोग पुराने मकान की तरफ गए तो उन्हें मकान की पहली मंजिल की छत पर लकड़ी से रस्सी के सहारे सौरव फंदे पर झूलता मिला। घटना की जानकारी तुरंत ही घुमारवीं पुलिस थाना को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं परिजनों के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना घुमारवीं द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: परिवार ने खोया जवान बेटा, अधेड़ ने भी त्याग दिए प्राण; पुलिस के लिए पहेली बनी दोनों की मौ...
इस घटना की अब पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। हर कोई 14 साल के लड़के द्वारा उठाए गए इस कदम को सुनकर हैरान हैं। लोगों का मानना है कि आज मोबाइल और इंटरनेट के जमाने में इस तरह की घटनाएं बढ़ने लगी हैं, जो कि चिंता का विषय हैं। इन घटनाओं ने प्रदेश के बुद्धिजीवियों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।