#अपराध

January 29, 2025

हिमाचल: नशे के ओवरडोज ने सूनी कर दी कोख, मां ने 3 दोस्तों पर जड़े आरोप

चिट्टे के ओवरडोज से गई राहुल की जान

शेयर करें:

himachal anni

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी में एक युवक की चिट्टे (हेरोइन) की ओवरडोज से मौत का मामला सामने आया है। जिसके बाद मृतक की मां पुलिस थाना आनी में शिकायत दर्ज कराने पहुंची है। मां ने अपने बेटे के मौत का जिम्मेदार उसके 3 दोस्तों को ठहराया है। 

फोन कॉल से मिली सूचना

मृतक की मां भीमदासी तहसील आनी, गांव तिहणी के अनुसार, राहुल ने 27 जनवरी की शाम को फोन पर बताया था कि वह अपने दोस्त कायथ के साथ नोगली में है और गोरा मश्नू जा रहे हैं। अगले दिन 28 जनवरी को महिला को शिमला पुलिस के माध्यम से सूचना मिली कि उसके बेटे की आनी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। 

तीन दोस्तों पर लगाए आरोप

महिला ने आरोप लगाया है कि राहुल की मौत चिट्टे की ओवरडोज के कारण हुई है और युवकों कायथ, क्षितिज और विनय ठाकुर की लापरवाही की वजह से उसे समय पर उपचार नहीं मिल सका। महिला ने यह भी कहा कि यदि राहुल को समय पर इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। 

पुलिस की जांच जारी

इस मामले की पुष्टि कुल्लू पुलिस अधीक्षक डॉ. कार्तिकेय गोकुलचंद्रन ने की है। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा लिया गया है और उसे मृतक के परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और आरोपियों के खिलाफ जांच जारी है।

चिट्टे की बढ़ती समस्या

वहीं ये खबर प्रदेश में बढ़ते नशे की समस्या की एक और दुखद उदाहरण है, जहां चिट्टा और अन्य नशे की लत युवा पीढ़ी को प्रभावित कर रही है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा इस समस्या पर काबू पाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं नशे के बढ़ते खतरे को और स्पष्ट करती हैं।

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख