हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां ब्यास नदी से एक लापता महिला का शव मिलने के बाद आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिवार में शोक का माहौल है।
घर से निकली महिला नही लौटी वापस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिजनों के मुताबिक महिला बीते रविवार को घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं आई। काफी ढूंढने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने सुजानपुर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। बताया जा रहा है कि महिला की शादी कांगड़ा के थुरल में हुई थी।
ब्यास नदी की तरफ जाते दिखी थी महिला
स्थानीय लोगों ने बताया था कि उन्होंने महिला को ब्यास नदी के किनारे जाते हुए देखा था, जिसके बाद यह शक और बढ़ गया कि शायद उसने नदी में छलांग लगा दी हो। इसी सूचना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से ब्यास नदी के पुंग खड्ड, सीहोर और आसपास के कई इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।
महिला की तलाश को बुलाई थी SDRF की टीम
तीन दिनों तक लगातार चलाए गए इस तलाशी अभियान में शुरू में महिला का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद मंगलवार को गृह रक्षा विभाग की टीम और SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खोजबीन में जुट गई।
कुछ किलोमीटर दूर महिला का शव बरामद
बुधवार और वीरवार को भी लगातार सर्च ऑपरेशन चलता रहा। आखिरकार महिला का शव उसी इलाके से कुछ किलोमीटर दूर बरामद कर लिया गया। सुजानपुर थाना के एएसआई राकेश कुमार ने शव मिलने की पुष्टि की है।