#अपराध
September 19, 2026
हिमाचल में एक और मर्ड*र! सड़क किनारे पड़ी मिली गोल्डी की देह, सिर और माथे पर गहरे निशान
शराब के ठेके के साथ अहाता चलाता था गोल्डी
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। नालागढ़ उपमंडल के सैनी माजरा क्षेत्र में करीब 45 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
मृतक की पहचान नालागढ़ निवासी गोल्डी के रूप में हुई है। युवक सैनी माजरा में शराब के ठेके के साथ अहाता चलाता था। उसकी मौत के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। जबकि शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसे से जुड़ा हुआ माना जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, बीती 17 सितंबर, गुरुवार को गोल्डी अपना अहाता बंद करने के बाद बाइक से नालागढ़ की तरफ लौट रहा था। इसी दौरान सैनी माजरा के पास वह संदिग्ध हालत में मृत मिला। मौके पर उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पाई गई। इन परिस्थितियों को देखते हुए शुरुआत में पुलिस ने इसे संभावित सड़क दुर्घटना के तौर पर देखा।

हालांकि, बाद में परिजनों ने गोल्डी के सिर और माथे पर गहरे कट के निशान होने की बात कही। इसके आधार पर परिवार ने आशंका जताई कि उस पर किसी तेजधार हथियार से हमला किया गया हो सकता है। परिजनों ने पुलिस से मामले की गहनता से जांच करने की मांग की है।
परिवार के अनुसार, गोल्डी लंबे समय से सैनी माजरा में शराब ठेका और अहाता चला रहा था। इसी दौरान वहां शराब के ठेके पर काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ उसका विवाद भी हुआ था। हालांकि, परिजनों के मुताबिक बाद में दोनों के बीच बातचीत के बाद मामला शांत हो गया था।
परिवार ने इस पुराने विवाद को भी जांच के दायरे में शामिल करने की मांग की है। घटना के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालने की कोशिश की गई। मगर अभी तक ऐसी कोई स्पष्ट फुटेज सामने नहीं आई है- जिससे घटना की परिस्थितियों का पता चल सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए AIIMS बिलासपुर भेज दिया है। 19 सितंबर को पोस्टमार्टम करवाया जाना है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो पाएगी।
उधर, गोल्डी की मौत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। गोल्डी की मौत के बाद उसकी पत्नी, 19 वर्षीय बेटा और 15 वर्षीय बेटी का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार मौत के असली कारणों का पता लगाने की मांग कर रहा है।
SP बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। परिवार की ओर से हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।