#अपराध
March 21, 2025
हिमाचल में एक और चिटफंड मामला: 9 साल में लोगों के 500 करोड़ लेकर भागी सोसायटी
अब संपत्तियां बेचकर वसूली जाएगी देनदारी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बिना अनुमति के 9 साल तक काम करती रही एक सोसायटी लोगों के 500 करोड़ रुपए डकारकर अब भाग गई है। कई बार नोटिस जारी करने के बाद भी जवाब नहीं मिलने के बाद अब सेंट्रल रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसायटी ने इस संगठन का विघटन शुरू कर दिया है।
हिमाचल प्रदेश में चिटफंड जैसा खेल चला रही सोसायटी का नाम ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी है। सेंट्रल रजिस्ट्रार के पास लोगों के पैसे की वसूली का इससे अच्छा और कोई विकल्प नहीं बचा है कि वह ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी की हिमाचल प्रदेश में पड़ी स्थायी संपत्तियों को बेच दे। यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी राज्य में बिना अनुमति के 9 साल तक काम करती रही। एमएससीएस एक्ट 2022 के मुताबिक सोसायटी को प्रदेश में लोगों से पैसा निवेश करवाने से पहले सेंट्रल रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसायटी से मंजूरी लेनी थी लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। सोसायटी के पास दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल राज्यों में ही काम करने की अनुमति थी। हिमाचल प्रदेश में काम करने की अनुमति नहीं थी।
सोसायटी ने स्टेट कोऑपरेटिव रजिस्ट्रार सोसायटी के पास वर्ष 2016 को अनापत्ति प्रमाण के लिए आवेदन किया था। सेंट्रल कोऑपरेटिव सोसायटी से मिली अनुमति के आधार पर स्टेट कोऑपरेटिव सोसायटी ने उन्हें 30 मार्च 2016 को अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया। सोसायटी को इसके बाद नियमों के तहत अपने बायलॉज में बदलाव करके हिमाचल प्रदेश में काम करने की अनुमति सेंट्रल रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसायटी से लेनी थी लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। प्रदेश में सोसायटी ने 37 सुविधा केंद्र खोल रखे हैं।
2022-23 में ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी ने अपनी रिपोर्ट में दफ्तर का पता ऑफिस नंबर 305, थर्ड फ्लोर, सेवन वंडर बिजनेस सेंटर, जी-20 प्रीत विहार, विकास मार्ग न्यू दिल्ली बताया था लेकिन रिकॉर्ड के मुताबिक कंपनी का पता ऑफिस नंबर 8 थर्ड फ्लोर, डी-5, लक्ष्मी नगर दिल्ली है।
ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी की वर्ष 2024 की शुरुआत से ही गतिविधियां संदिग्ध होती जा रही थीं। इसकी वजह यह थी कि सेंट्रल रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसायटी की ओर से सोसायटी को कई नोटिस जारी हुए लेकिन उनकी ओर से जवाब नहीं दिया गया। सेंट्रल रजिस्ट्रार कोऑपरेटिव सोसायटी ने हरियाणा से प्रवीण कुमार की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की। इसको लेकर सोसायटी को 15-04-2024 शिकायत के बारे में स्थिति स्पष्ट करने के लिए नोटिस जारी किया लेकिन सोसायटी की तरफ से जवाब नहीं मिला।