#अपराध
June 25, 2026
हिमाचल में नशा मुक्ति केंद्र चला रहे युवक से मिला ढेर सारा चिट्टा, 2 दोस्तों संग हुआ गिरफ्तार
नशा मुक्ति केंद्र से नशा सप्लाई करने की आशंका
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है। युवाओं को नशे से दूर रखने और नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने का दावा करने वाला एक युवक खुद चिट्टे के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
सुंदरनगर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में तीन युवकों को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया गया है। जिनमें से एक युवक शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में नशा मुक्ति केंद्र संचालित करता बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर क्षेत्र में नशे के कारोबार और नशे के सेवन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र के एक निजी होटल में कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने बिना देरी किए होटल में दबिश दी और वहां मौजूद युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को तीन युवकों के कब्जे से 4.680 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी सुंदरनगर के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान-
मामले की पुष्टि करते हुए DSP सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि जांच में सामने आया है कि इन तीनों आरोपियों में से एक युवक शिमला के ठियोग में नशा मुक्ति केंद्र चलाता है। इस खुलासे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस अब इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है कि कहीं नशा मुक्ति केंद्र की आड़ में किसी प्रकार की अवैध गतिविधियां तो संचालित नहीं की जा रही थीं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों तक चिट्टा कहां से पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। जांच एजेंसियां नशे की सप्लाई चेन, संपर्कों और संभावित नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं- जिससे नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
इस घटना ने समाज में भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस व्यक्ति से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने और उन्हें नशे की लत से बाहर निकालने की उम्मीद की जाती है, उसका स्वयं नशे से जुड़े मामले में गिरफ्तार होना चिंताजनक माना जा रहा है। ऐसे में पुलिस इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।