चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। यहां सलूणी उपमंडल में डाकघर की द्रेकड़ी शाखा के डाकपाल पर 12 लोगों से लाखों रुपए हड़पने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पासबुक से डाकपाल ने की छेड़खानी
डाक विभाग के अधीक्षक संजय कुमार ने पुलिसा थाना किहार में शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि द्रेकड़ी डाक शाखा में प्रताप सिंह को बतौर डाकपाल तैनात किया गया था। उसके पास लोगों ने अपने बचत और R.D. की पासबुक के पैसे जमा करवाए थे।
हड़पे 7 लाख 87 हजार 50 रुपए
प्रताप सिंह ने लोगों की पासबुक के साथ छेड़खानी की और 12 खाताधारकों के 7 लाख 87 हजार 50 रुपए हड़प लिए। वहीं, लोगों की शिकायत के आधार पर विभाग ने अपनी ओर से एक जांच इंस्पेक्टर तैनात किया। जिसने डाक पाल की 7 लाख 87 हजार 50 रुपए की रिकवरी निकाली।
नहीं जमा करवा पाया रिकवरी राशि
संजय कुमार ने बताया कि प्रताप सिंह को रिकवरी राशि को जमा करवाने का मौका दिया था। मगर प्रताप सिंह रिकवरी राशि को जमा करवाने में नाकाम रहा। जिसके चलते उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया।
मामला दर्ज, कार्रवाई शुरू
संजय कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगा। फिलहाल, पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।