चंबा। हिमाचल प्रदेश जिला चंबा में एक निजी बस का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। जहां देखा जा सकता है कि कैसे निजी बसों के चालक और कंडक्टर नियमों को ताक में रख कर मनमानी करते हैं। यहां बस पूरी भरी होने के बाद यात्रियों को बस की डिग्गी में सामान की तरह ठूंसा गया। मामला चंबा बस अड्डे के पास बालू में पेश आया है।
डिग्गी में बिठाया- टिकट भी काटा
बताया जा रहा है कि निजी बस कंडक्टर द्वारा बाकायदा उन्हें बस की डिग्गी में बिठाया गया और फिर उनका टिकट भी काटा गया है। कानून का उल्लंघन करने वाले निजी बस के संचालकों को एक बार भी प्रशासन का खौफ ना लगा। बस के अंदर यात्रियों की संख्या पहले ही इतनी अधिक थी कि सवारियों को डिग्गी में बिठाने की नौबत आ गई।
यह भी पढ़ें: आज पैतृक गांव पहुंचेगी प्रवीण की पार्थिव देह, आ.तंकियों से लोहा लेते हुए थे शहीद
वीडियो हो रही काफी वायरल
बस ऑपरेटरों द्वारा डिग्गी में सवारियों को बिठाते समय वही खड़े किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिसके बाद इस मामले की जानकारी प्रशासन के हाथ लगी।
प्रशासन तक पहुंचा वीडियो
चंबा-साहू मार्ग पर चल रही इस निजी बस के वीडियो वायरल होने पर प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से एक्शन लिया है। परिवहन विभाग के निदेशक डीसी नेगी ने बताया कि इस मामले पर एक्शन लेते हुए RTO चंबा ने बस का चालान कर दिया है।
वहीं, एसपी अभिषेक यादव ने कहा कि बस की डिग्गी में सवारियों को डालने के वीडियो पर कार्रवाई की गई है, साथ ही निजी बस ड्राइवर और कंडक्टर को हिदायत दी है।