सिरमौर। हिमाचल में तेज रफ्तार के कहर ने एक मां से उसका अढ़ाई साल का बेटा छीन लिया। मासूम बेटे की मौत से मां को गहरा सदमा लगा है। हादसे में एक तेज रफ्तार कार सवार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा हिमाचल के सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में हुआ है। हादसे के बाद सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार कार सवार ने मारी स्कूटी को टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार आज यानी शनिवार दोपहर बाद देहरादून-पांवटा साहिब हाईवे पर पुरुवाला चौक पर एक कार व स्कूटी ( HP17G-2757) की टक्कर हो गई। इस हादसे में अढ़ाई साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। स्कूटी को एक महिला चला रही थी। जबकि उसके पीछे बैठी एक अन्य महिला और एक अढ़ाई साल का मासूम सवार थे।
महिला चला रही थी स्कूटी
पुलिस को दिए बयान में स्कूटी चला रही अंजू ने बताया कि वह एक अन्य महिला निहारिका व अढ़ाई साल के बच्चे को लेकर माजरा से पांवटा साहिब की तरफ जा रही थी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: रिश्तेदार के घर गए थे 2 युवक, वापस लौटते समय एक की गई जान
इसी बीच पुरुवाला चौक पर यूको बैंक के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार (PB65-2835) ने गलत दिशा से आकर उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। कार की टक्कर से स्कूटी पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए।
बच्चे ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे की पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत ही एक निजी अस्पताल में पहुंचाा। जहां चिकित्सकों ने अढ़ाई साल के मासूम मयंक पुत्र संजीव कुमार को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: जंगल में मिली व्यक्ति की गली सड़ी देह, 4 दिन से था गायब
वहीं स्कूटी चालक और दूसरी महिला को भी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। कार चालक के विरुद्ध माजरा थाना में मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी अदिति सिंह ने पुष्टि की है। मामले की जांच जारी है। बता दें कि पिछले तीन दिन में सिरमौर में सड़क हादसों में बच्चे समेत पांच की मौत हुई है।