#अपराध
April 27, 2026
हिमाचल : पेट्रोल पंप पर फोन हुआ बंद, 50 रुपये न चुकाने पर कर्मियों ने बुरी तरह पी.टा युवक
युवक पर कर्मियों ने बरसाए लाठी, थप्पड़ और घूसे
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश जिला ऊना में एक पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट की घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। हरोली क्षेत्र में मामूली भुगतान विवाद को लेकर एक युवक को कर्मचारियों और अन्य युवकों ने बेरहमी से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।
जानकारी के अनुसार, टाहलीवाल निवासी यूसुफ देर शाम बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर रुका था। 50 रुपये का पेट्रोल डलवाने के बाद जब वह ऑनलाइन भुगतान करने लगा, तो उसका मोबाइल बंद हो गया।
युवक ने कर्मचारियों से फोन चार्ज करने की बात कही, लेकिन इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पंप कर्मचारियों ने उसे जबरन कमरे में ले जाकर डंडों, मुक्कों और थप्पड़ों से बुरी तरह पीटा।
वायरल वीडियो में भी कुछ युवक लगातार मारपीट करते नजर आ रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति इस पूरी घटना को रिकॉर्ड करता दिख रहा है। सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़ित की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
SP ऊना सचिन हिरेमठ ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और मामले की गहन जांच जारी है।