ऊना। हिमाचल प्रदेश में आए दिन बहुत सारे लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हो रहे हैं। इसी कड़ी में अब ताजा मामला हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना से सामने आया है। यहां लालसिंगी गांव के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
शव की नहीं हो पाई शिनाख्त
शव के चेहरे को बुरी तरह से कुचल दिया गया है। शव के पास से कोई दस्तावेज नहीं मिला है। जिसके कारण शव की शिनाख्त भी नहीं हो पाई है और मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: 40 साल के शख्स ने क्यों छीनी किशोरी की सांसें, वजह आई सामने
मिली जानकारी के अनुसार, जिला ऊना के गांव लालसिंगी में स्वां के पास सड़क किनारे यह शव मिला है। बताया जा रहा है कि पुराना होशियारपुर रोड पर सुबह कुछ लोगों ने शव पड़ा हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी।
नहीं मिला कोई दस्तावेज
उधर, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम को शव के पास से कोई भी दस्तावेज नहीं मिला है। शरुआती जांच में मामला हत्या का बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: खाई में गिरी कार, पति-पत्नी स्वर्ग सिधारे; पीछे रह गए 4 -1 साल के दो मासूम
कुचल दिया गया है चेहरा
मामले की पुष्टि करते हुए SP राकेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया गया है। अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि शव के चेहरे को कुचल दिया गया है, जिससे उसकी हत्या का शक है। फिलहाल, पुलिस टीम द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
मानवता हो रही शर्मसार
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में अपराधिक मामलों में दिन-प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। आए दिन छेड़छाड़, मारपीट, दुष्कर्म, हत्या जैसे कई मामले सामने आ रहे हैं। अभी बीते कल हिमाचल में दिल दहला देने वाली खबरे सामने आईं थी। एक ही दिन में दो हत्याओं की खबरों ने पूरे हिमाचल में सनसनी फैला दी है। बिलासपुर जिला में एक बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या का मामला सामने आने के कुछ ही घंटों बाद जिला कांगड़ा में एक 15 साल की लड़की की बेरहमी से हत्या की खबर ने सबको चौंका दिया है। ऐसी घटनाओं से मानवता शर्मसार हो रही है और देवभूमि की छवि धूमिल हो रही है।