सोलन। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन स्थित वाकनाघाट में बनी बाहरा विश्वविद्यालय में रैगिंग के मामले में पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने रैंगिग के मामले में अब छठी गिरफ्तारी की है। इस मामले में पुलिस द्वारा पहले पांच छात्रों को गिरफ्तार किया गया था। जबकि, अब पुलिस ने हॉस्टल वार्डन पुर्ण चंद को हिरासत में लिया है।
हिरासत में हॉस्टल वार्डन
जानकारी के अनुसार, जांच में सामने आया कि वारदात वाले दिन हॉस्टल नंबर-1 में 56 वर्षीय पूर्ण चंद निवासी अर्की की ड्यूटी थी। पूर्ण चंद अपनी जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतने और छात्रों की गतिविधियों पर नजर नहीं रखने के कारण इस घटना को रोकने में विफल रहे। इसी के चलते अब पुलिस ने पूर्ण चंद को हिरासत में लिया है।
यह भी पढ़ें: सचिवालय कर्मचारी महासंघ की सख्त चेतावनी- ना दबाव में आएंगे, ना पीछे हटेंगे
जिम्मेदारी निभाने में रहे विफल
पुलिस टीम ने पूर्ण चंद के खिलाफ हिमाचल प्रदेश शैक्षणिक संस्थान एंटी रैगिंग एक्ट-2009 की धारा 4 और BNS की धारा 35(3) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
प्रथम वर्ष के छात्र के साथ की मारपीट
बता दें कि बाहरा विश्वविद्यालय से बीती 7 सितंबर को रैगिंग का एक मामला सामने आया था। यहां रात के समय सीनियर छात्रों ने प्रथम वर्ष के छात्र को कमरे में बुलाकर खूब पीटा। जिससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद सोमवार को छात्र ने पुलिस थाने में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई थी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जानिए किसे कहां मिली पोस्टिंग
गालीगलौज कर की मारपीट
प्रथम वर्ष के इस छात्र के साथ सीनियर छात्रों ने पहले गालीगलौज की। इसके बाद वे उसे जबरन नशा करवा रहे थे। जब वह नहीं माना तो उन्होंने उसे थप्पड़ और बेल्ट से मारा। जिसके बाद मंगलवार को बाहरा विश्वविद्यालय के प्रशासन ने भी अपना पक्ष रखा है। जिसमें उनका कहना था कि इस मामले में आरोपी छात्रों पर कार्रवाई की गई है।
विवि से भी निकाले गए छात्र
वहीं, विवि प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुलाई और दोषी पाए गए छात्रों को विश्वविद्यालय और हॉस्टल से निकाल दिया गया। वहीं, इस मामले से जुड़ी रिपोर्ट को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: मंडी मस्जिद विवाद: मुस्लिम समुदाय ने नगर निगम के फैसले को HC में दी चुनौती
आपसी रंजिश के चलते हुआ सब
पुलिस का कहना है कि यह मामला छात्रों की आपसी रंजिश के चलते हुए है। बताया जा रहा है कि प्रथम वर्ष का छात्र और सीनियर में से एक छात्र एक स्कूल में पढ़ा करते थे। SP सोलन गौरव सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें