#अपराध
April 30, 2025
देवभूमि हिमाचल पर एक और दाग, छात्रा से सहपाठी और दोस्तों ने की नीचता, वीडियो भी बनाया
पुलिस ने चारों आरोपियों को किया अरेस्ट
शेयर करें:

बिलासपुर। देवभूमि हिमाचल प्रदेश के दामन में एक और दाग लगा है। बिलासपुर जिले में 12वीं कक्षा की एक छात्रा से उनके सहपाठी और 3 दोस्तों ने दुष्कर्म किया है। आरोपियों में एक नाबालिग लड़का भी शामिल है। पुलिस ने चारों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है।
दो बार एक ही जगह पर बुलाया
छात्रा के साथ पहली वारदात बीते साल अक्टूबर में हुई, जब सहपाठी ने उसे मिलने बुलाया और घुमाने के लिए पैदल बंदला की पहाड़ी पर ले गया। रास्ते में सुनसान जगह पर सहपाठी और उसके दोस्त ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और मुंह बंद रखने की धमकी दी। पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने बताया कि इस घटना के बाद सहपाठी ने इसी साल 27 मार्च को छात्रा को फिर बिलासपुर बुलाया और बदनाम करने की धमकी दी। डर के मारे छात्रा फिर उसके झांसे में आकर चली गई। सहपाठी के साथ दो उसके दो और दोस्त भी थे। तीनों छात्रा को फिर बंदला की पहाड़ी में ले गए, जहां तीनों ने बारी-बारी से छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
घटना की वीडियो बनाई, ब्लैकमेल किया
छात्रा ने अपनी मां के साथ मंगलवार को पुलिस के सामने दर्ज शिकायत में बताया कि आरोपियों ने दूसरी बार की घटना की वीडियो फिल्म बनाई और छात्रा को मुंह खोलने पर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी भी दी। छात्रा ने बदनामी के डर से यह बात घर पर किसी को हीं बताई। लेकिन मंगलवार को उसने अपनी मां को सारी आपबीती सुनाई तो मां अपनी बेटी को लेकर पुलिस के पास पहुंची।
महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
देश के अन्य राज्यों की तुलना में देवभूमि हिमाचल प्रदेश महिलाओं के लिए सुरक्षित माना जाता रहा है। लेकिन बिलासपुर की इस घटना ने महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते साल हिमाचल प्रदेश में दुष्कर्म के कुल 305 मामले दर्ज किए गए, जो 2023 में दर्ज 344 मामलों की तुलना में लगभग 11% की कमी दर्शाते हैं। लेकिन बिलासपुर की वारदात में आरोपियों की उम्र और जिस शातिराना तरीके से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया, उससे जिले में बवाल मच गया है। पुलिस ने सभी पहलुओं पर मामले की जांच शुरू कर दी है।