#अपराध

September 26, 2026

हिमाचल: बंद झुग्गी में मिली युवक की देह, गले पर हैं क.ट के निशान, चा**कू शराब की बोतलों से गहराया रहस्य

झुग्गी में अंदर से कुंडी और बाहर लगे ताले से उलझा पूरा मामला

शेयर करें:

bilaspur crime News

बिलासपुर। कभी शांत और सुरक्षित राज्य के रूप में पहचान रखने वाले हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ समय में हत्या, दुष्कर्म और अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला अब हिमाचल के बिलासपुर जिला से सामने आया है। बिलासपुर जिले के घुमारवीं में एक बंद झुग्गी में एक युवक का शव मिला है।

 

मृतक के गले पर कट के निशान हैं और पास ही चाकू और खाली शराब की बोतलें भी पड़ी मिली हैं। कट के निशान को देखते हुए युवक की हत्या की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।  युवक का शव घुमारवीं नगर परिषद के वार्ड नंबर.2 में एक निजी होटल के पीछे बनी अस्थायी झुग्गी में मिला है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हुई है और उसकी उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के आसपास लग रही है। 

सुबह-सुबह झुग्गी में मिला शव, मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब एक प्रवासी मजदूर ने झुग्गी के अंदर एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना जमीन मालिक के साथ-साथ घुमारवीं पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घोटालों से की थी काली कमाई, 1012 पूर्व पंचायत प्रधानों की संपत्ति कुर्क कर होगी नीलामी!

मृतक कौन है? पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल

शुरुआती जांच में मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कौन था और वह इस झुग्गी तक कैसे पहुंचा। पहचान होने के बाद ही मामले की कई अहम कड़ियां जुड़ने की उम्मीद है।

दो महीने बाद लौटा मजदूर, झुग्गी में देखा अनजान शव

झुग्गी में रहने वाले राजस्थान निवासी प्रवासी मजदूर दर्शन ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो महीने पहले परिवार के साथ अपने घर गया था और दो दिन पहले ही वापस लौटा था। शुक्रवार सुबह जब वह करीब साढ़े छह बजे अपनी झुग्गी पर पहुंचा तो उसने वहां एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। दर्शन के अनुसार वह मृतक को नहीं जानता था। इसके बाद उसने तत्काल मामले की सूचना दी।

 

यह भी पढ़ें : एशियन गेम्स में हिमाचल की चार बेटियों का जलवा, पुष्पा राणा की कप्तानी में भारत ने जीता सोना

चाकू और शराब की टूटी बोतलों ने बढ़ाया संदेह

मामले की गंभीरता उस समय और बढ़ गई जब पुलिस को झुग्गी के अंदर एक चाकू और शराब की टूटी हुई बोतलें मिलीं। मृतक के गले पर भी कट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से मिले इन सामानों को पुलिस ने जांच का अहम हिस्सा माना है। हालांकि इन वस्तुओं का शव की मौत से क्या संबंध है, यह जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

अंदर से कुंडी, बाहर से ताला—उलझी घटना की गुत्थी

घटनास्थल की स्थिति ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि झुग्गी के अंदर से कुंडी लगी हुई थी, जबकि बाहर की तरफ ताला लगा हुआ था। ऐसे में व्यक्ति झुग्गी के भीतर कैसे पहुंचा और घटनास्थल की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, पुलिस इन सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

 

यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने हिमाचल में पंचायत स्वच्छता फंड पर की सख्ती, 14 काम तय; नियम तोड़े तो होगी वसूली

एफएसएल टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम ने झुग्गी और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया तथा मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब फॉरेंसिक जांच के जरिए घटनास्थल पर मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को मामले की कड़ियों से जोड़ने का प्रयास कर रही है।

एएसपी ने भी किया घटनास्थल का निरीक्षण

मामले की जानकारी मिलते ही एएसपी बिलासपुर प्रताप सिंह ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

 

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! अगले दो दिन रहेंगे भारी, कई जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट; आंधी-तूफान भी सताएगा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले में बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि इससे मौत के वास्तविक कारण और शरीर पर मिले चोटों की प्रकृति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। पुलिस रिपोर्ट आने के बाद जांच को आगे बढ़ाएगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल पर महंगाई की मार : 10 दिन में दूसरी बार बढ़े सीमेंट के दाम- जानें कितने रुपये

 

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह झुग्गी में कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा। आसपास के क्षेत्रों, संभावित प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध साक्ष्यों की मदद से घटना की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख