#अपराध
February 10, 2026
हिमाचल: अस्पताल में इलाज करवाने आई किशोरी निकली गर्भवती, बच्चे के बाप को तलाश रही पुलिस
बीमार बेटी को अस्पताल लेकर आई थी मां, डॉक्टरों के खुलासे ने उड़ा दी नींद
शेयर करें:

चंबा। महिलाओं और युवतियों के साथ हो रहे दुष्कर्म मामलों ने हिमाचल की नींव को हिला दिया है। जिस देवभूमि में लड़कियों को कन्या मान कर पूजा जाता है, वहां पर अब आए दिन छोटी उम्र की लड़कियों के साथ घिनौने कृत्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में पिछले कुछ समय में कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जब छोटी उम्र की लड़कियां गर्भवती पाई गई है। अब एक ऐसा ही मामला हिमाचल के चंबा जिला से सामने आया है। जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार चंबा जिला के चुराह क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की गर्भवती पाई गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर इस लड़की के साथ किसने यह घिनौना कृत्य किया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि मामले का खुलासा तब हुआ, जब लड़की के पेट में दर्द होने लगा। बेटी की पेट दर्द की शिकायत पर उसकी मां उसे चेकअप और उपचार करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा लेकर पहुंची। अस्पताल में जब डॉक्टरों ने किशोरी की जांच की तो वह गर्भवती पाई गई। जब चिकित्सकों ने यह बात किशोरी की मां को बताई, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी कुछ दिन से बीमार रह रही थी। वह अकसर पेट दर्द की शिकायत कर रही थी। इसी के चलते वह उसे लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के लिए लाई थी। जहां पर चिकित्सकों ने उसके गर्भवती होने की बात कही। महिला की शिकायत पर पुलिस थाना की टीम ने अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस टीम ने परिजनों की मौजूदगी में पीड़ता किशोरी से कुछ सवाल भी किए हैं। पुलिस पीड़िता किशोरी से आरोपी के बारे में जानकारी जुटा रही है। जैसे ही आरोपी के बारे में पुलिस को पता चलेगा, उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।