#अपराध
May 22, 2026
हिमाचल में 7 किलो चरस बरामद : हरियाणा नंबर की गाड़ी से हो रही थी सप्लाई, महिला समेत 2 गिरफ्तार
हिमाचल पुलिस ने बरामद किया चरस का जखीरा
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कुल्लू जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आनी पुलिस ने नियमित नाकाबंदी के दौरान एक कार से 7 किलोग्राम चरस बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों में एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं- जो हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आनी थाना पुलिस की टीम निगाण चौक पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक कार HR31V-1424 वहां पहुंची। पुलिस ने शक के आधार पर वाहन को रुकवाकर तलाशी ली।
कार में सवार युवक और महिला से पूछताछ के साथ जब गाड़ी की गहन जांच की गई तो वाहन के भीतर छिपाकर रखी गई 7 किलो चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इस मामले की पुष्टि करते हुए SP कुल्लू मदन लाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर भी जांच जारी है।

SP ने कहा कि कुल्लू पुलिस जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है और आने वाले समय में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो लोग तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।