#अपराध
July 16, 2026
हिमाचल में एक और युवक की ड्रग्स ओवरडोज से मौ*त! अब कार में मिली देह; मात्र 26 साल थी उम्र
दोनों ही युवकों के पास मिली सिरिजें, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा खुलासा
शेयर करें:

बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश में फैलता नशे का जाल अब युवाओं की जिंदगी पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। हिमाचल प्रदेश में आज एक ही दिन में दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इन दोनों ही युवकों के पास से सिरिंजें मिली हैं। जिसके बाद नशे की ओवरडोज को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
कांगड़ा जिला के इंदौरा में मैदान से एक युवक का शव मिलने के बाद अब सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक कार के भीतर 26 वर्षीय युवक मृत अवस्था में पाया गया है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्रदेश में नशे की बढ़ती समस्या को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताजा मामला सोलन जिला के बद्दी क्षेत्र के मलपुर इलाके का है, जहां सड़क किनारे खड़ी एक कार के भीतर एक युवक अचेत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों को जब कार के अंदर युवक की संदिग्ध हालत दिखाई दी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बद्दी ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मैदान में मिली 30 वर्षीय युवक की देह, बाजू पर लगी थी सिरिंज; 3 साल के बेटे का था पिता
पुलिस जांच के दौरान मृतक की पहचान पुष्पेंद्र चौहान (26 वर्ष) निवासी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है और वे जांच प्रक्रिया में सहयोग के लिए बद्दी पहुंचे हैं।
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय यह बना हुआ है कि युवक के हाथ में सिरिंज लगी होने की बात सामने आई है। घटनास्थल से जुड़े कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें युवक के हाथ में इंजेक्शन दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इसी वजह से क्षेत्र में नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार पूरा करने जा रही अपना चुनावी वादा, मिलेगी 300 यूनिट फ्री बिजली; 'आएगा 0 बिल'
गौरतलब है कि इसी दिन कांगड़ा जिला के इंदौरा क्षेत्र में भी 30 वर्षीय युवक शुभम का शव मैदान में औंधे मुंह पड़ा मिला था। उस मामले में भी युवक की बाजू में सिरिंज लगी हुई मिली थी, जिसके बाद ओवरडोज की आशंका जताई गई थी। अब बद्दी में सामने आया यह दूसरा मामला लोगों को और अधिक चिंतित कर रहा है। लगातार दो युवकों की संदिग्ध मौत ने प्रदेश में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर बहस तेज कर दी है।
पुलिस और सामाजिक संगठनों के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों का नेटवर्क युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि नशे की लत केवल व्यक्ति की सेहत ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को तबाह कर देती है। इसी वजह से लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं समाज और प्रशासन दोनों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कलयुगी बेटे ने ली पिता की जा.न, मां ने दिया साथ! बिजली बोर्ड में करता है नौकरी
बद्दी के एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लिया गया है और वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था।
फिलहाल दोनों मामलों ने हिमाचल प्रदेश में बढ़ती नशे की समस्या को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। यदि शुरुआती आशंकाएं सही साबित होती हैं तो यह प्रदेश के लिए एक गंभीर चेतावनी होगी कि नशा अब केवल अपराध नहीं, बल्कि युवाओं की जान लेने वाला घातक संकट बनता जा रहा है।