#अपराध
April 12, 2026
हिमाचल : दांत दर्द की दवा लेने अस्पताल गई महिला, नहीं लौटी वापस घर- बेटी भी ले गई साथ
परेशान सास पहुंची थाने, गुमशुदगी की शिकायत करवाई दर्ज
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक सनसनीखेज और चिंताजनक खबर सामने आई है। उपमंडल सुजानपुर के बीड़ बगेहड़ा गांव की 24 वर्षीय विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। हैरानी की बात ये है कि महिला के साथ उसकी चार साल की बच्ची भी है।
शादीशुदा महिला के ऐसे अचानक लापता हो जाने से उसका परिवार बेहद परेशान है। बताया जा रहा है कि महिला बीते कल सुबह से लापता है। महिला की तलाश में उसके परिजन दर-दर भटक रहे हैं। परिजन महिला और उसकी बच्ची के सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
लापता महिला के सास वीना देवी ने बहू और पोती की गुमशुदगी की रिपोर्ट सुजानपुर पुलिस थाने में दर्ज करवाई है। परिजनों ने बताया कि बीते कल सुबह करीब 11.30 बजे 24 वर्षीय बेबी देवी घर से निकली थी। घर से निकलते वक्त उसने कहा कि था कि उसे दांत में दर्द है और वो दवाई लेने जा रही है।
वीना देवी ने बताया कि बेबी अपने साथ चार वर्षीय बेटी हिमांशी को भी साथ ले गई है। उन्होंने बताया कि देर रात तक भी जब बेबी घर वापस नहीं आई तो उन्हें चिंता सताने लगी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया।
परिजनों ने बताया कि वो कभी किसी से बिना बताए कहीं नहीं जाती थी। इसलिए यह घटना उन्हें और ज्यादा असामान्य लग रही है। परिवार बेबी और हिमांशी की तलाश में दर-दर भटक रहा है। पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लापता मां-बेटी की खोज के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं- ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके। इसके अलावा आसपास के पुलिस थानों में भी मां-बेटी की तस्वीर भेज दी गई है। उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोनों को सही-सलामत ढूंढ लिया जाएगा।
लापता मां-बेटी के परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अगर किसी को दोनों के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उसे कहीं देखा हो, तो कृपया थाने से संपर्क करें।