#अपराध
February 24, 2026
हिमाचल : पति के घर से निकलते ही पत्नी ने उठाया गलत कदम- दो मासूम बच्चियों के रोने से खुला राज
21 साल थी महिला की उम्र, पति और बच्चियों के साथ रहती थी
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। उपमंडल घुमारवीं के बद्धाघाट गांव में 21 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। महिला की मौत के बाद पूरे इलाके में हड़कंप फैला हुआ है।
महिला की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोमती अपने पीछे दो छोटी मासूम बेटियों को छोड़ गई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों बच्चियां घर में ही मौजूद थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब कमरे के अंदर से बच्चों के जोर-जोर से रोने और चिल्लाने की आवाजें आईं तो आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया।
सोमती मूल रूप से मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली थी और पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के साथ बद्धाघाट में रह रही थी। सोमती का पति राम बाबू कुछ दिन पहले ही अपने पैतृक गांव उत्तर प्रदेश गया हुआ था। ऐसे में सोमवार को महिला घर पर अकेली थी और परिवार के अन्य सदस्य रोजाना की तरह काम पर निकल गए थे। इसी दौरान उसने कमरे के पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
ग्रामीणों का कहना है कि यह परिवार कई वर्षों से यहां रहकर दिहाड़ी-मजदूरी करता था। आर्थिक रूप से साधारण जीवन जीने वाला यह परिवार गांव में शांत स्वभाव के लिए जाना जाता था। सोमती भी घरेलू जिम्मेदारियां निभाने के साथ मजदूरी में हाथ बंटाती थी। अचानक उठाए गए इस कदम ने गांव में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना घुमारवीं की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। DSP घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई मानसिक तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य कारण तो नहीं था। फिलहाल किसी तरह की सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
सोमती की मौत से पूरे बद्धाघाट गांव में शोक की लहर है। पड़ोसियों का कहना है कि दो मासूम बच्चियों का इस तरह मां से बिछुड़ जाना बेहद दर्दनाक है। अब उनके पालन-पोषण और भविष्य को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।