#अपराध

June 30, 2026

हिमाचल: जेल की दीवार फांदकर फरार हुई 21 वर्षीय महिला कैदी, चिट्टे के मामले में हुई थी गिरफ्तार

पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान दो घंटे बाद दूसरे शहर से पकड़ी

शेयर करें:

Dharamshala Jail Escape

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा स्थित धर्मशाला जिला कारागार में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चिट्टा तस्करी के मामले में बंद एक 21 वर्षीय महिला विचाराधीन कैदी जेल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दीवार फांदकर फरार हो गई। जेल से भागने के बाद युवती पुलिस और जेल प्रशासन की आंखों में धूल झोंकते हुए शहर से बाहर निकलने में भी कामयाब रही, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर उसे नूरपुर में धर दबोचा। 

घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि फरार होने के बाद युवती ने पठानकोट जाने के लिए टैक्सी भी बुक कर ली थी और जिले की सीमा से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी।

महिला कैदी बैरक से दीवार फांदकर हुई फरार

जानकारी के अनुसार पंजाब के तरनतारन जिले की रहने वाली 21 वर्षीय अरविंद्र कौर चिट्टा तस्करी से जुड़े एक मामले में विचाराधीन कैदी के रूप में धर्मशाला जेल में बंद थी। मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे उसने महिला बैरक क्षेत्र से किसी तरह जेल की दीवार पार की और फरार हो गई। जेल प्रशासन को जब तक घटना की भनक लगी, तब तक युवती जेल परिसर से काफी दूर निकल चुकी थी। अचानक कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही कारागार प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: देवर-भाभी के बीच चल रहा था प्रेम प्रसंग, पति ने बंद कमरे में आपत्तिजनक हालत में पकड़े दोनों

पुलिस को चकमा देकर पहुंची शहर

सूत्रों के अनुसार जेल से निकलने के बाद युवती धर्मशाला शहर की ओर पहुंची और वहां से पठानकोट जाने के लिए एक टैक्सी बुक कर ली। शुरुआती दौर में पुलिस को उसकी सही लोकेशन का पता नहीं चल पाया, जिससे कुछ समय के लिए उसकी तलाश चुनौतीपूर्ण बन गई। हालांकि जेल प्रशासन द्वारा तुरंत जिला पुलिस को सूचना देने के बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया।

जिलेभर में नाकाबंदी] नूरपुर में गिरफ्तारी

महिला कैदी के फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस ने जिले के विभिन्न हिस्सों में नाकाबंदी शुरू कर दी। युवती की पहचान और संभावित रूट की जानकारी सभी थानों और चौकियों को भेजी गई। पुलिस की सतर्कता आखिरकार रंग लाई और नूरपुर क्षेत्र में लगाए गए नाके के दौरान फरार कैदी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के समय वह पठानकोट की ओर जा रही थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर वापस धर्मशाला लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बन रहे इस बांध से बौखलाया पाकिस्तान, उड़ गई रातों की नींद; पाक मंत्री देने लगे ध*मकियां

दो घंटे तक चला हाई अलर्ट ऑपरेशन

जेल से फरारी की घटना के बाद करीब दो घंटे तक जिला पुलिस और जेल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। फरार कैदी को पकड़ने के लिए विभिन्न टीमों को सक्रिय किया गया और संभावित मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 9:15 बजे जेल से भागी युवती को लगभग 11:15 बजे नूरपुर क्षेत्र में पकड़ लिया गया।

जेल सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना के बाद धर्मशाला जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था चर्चा का विषय बन गई है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर एक विचाराधीन कैदी महिला बैरक से निकलकर जेल की दीवार कैसे पार कर गई और शुरुआती समय में किसी को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली। जेल प्रशासन अब पूरे घटनाक्रम की आंतरिक जांच करने की तैयारी में है ताकि सुरक्षा में हुई संभावित चूक का पता लगाया जा सके।

 

यह भी पढ़ें : हाईकोर्ट ने सुक्खू सरकार को भेजा नोटिस, इस नप में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव लटकाने का मांगा जवाब

एनडीपीएस मामलों के कैदियों की बड़ी संख्या

धर्मशाला जिला कारागार में वर्तमान में लगभग 550 कैदी बंद हैं। इनमें बड़ी संख्या एनडीपीएस एक्ट यानी मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में गिरफ्तार आरोपियों की है। अधिकारियों के अनुसार करीब 350 कैदी ऐसे हैं जो नशा तस्करी और चिट्टा मामलों में जेल में बंद हैं।

अधीक्षक ने की गिरफ्तारी की पुष्टि

जिला कारागार धर्मशाला के अधीक्षक विकास भटनागर ने बताया कि चिट्टा मामले में बंद एक महिला विचाराधीन कैदी जेल से फरार हुई थी, लेकिन जिला पुलिस के सहयोग से उसे दो घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि युवती को वापस धर्मशाला लाया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख