#अव्यवस्था

January 21, 2026

सुक्खू सरकार की यह ऑनलाइन व्यवस्था जनता के लिए बनी सिरदर्द, लटक रहा सपनों के घर का निर्माण कार्य

नगर निगम की मेयर ने बताई वजह

शेयर करें:

Citizen Seva Portal

सोलन। हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार की नई ऑनलाइन व्यवस्था आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सोलन नगर निगम क्षेत्र में भवन नक्शे पास न होने से घर निर्माण का काम ठप पड़ा है। पुराने पोर्टल से नए Citizen Seva Portal पर प्रक्रिया शिफ्ट होने के बाद तकनीकी खामियों के चलते लोग निगम कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। नक्शा स्वीकृति में देरी से लोगों के सपनों का घर अधर में लटक गया है।

दिसंबर के बाद से प्रभावित चल रही है सेवा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोलन नगर निगम क्षेत्र में इन दिनों घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए सरकारी ऑनलाइन व्यवस्था परेशानी का सबब बन गई है। दरअसल, प्रदेश सरकार द्वारा भवन नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया को पुराने पोर्टल से नए Citizen Seva Portal पर शिफ्ट किए जाने के बाद से यह सेवा 31 दिसंबर के बाद से प्रभावित चल रही है।

यह भी पढ़ें : BREAKING : CM सुक्खू को मानव ब.म से उड़ाने की धम*की, हाई अलर्ट पर पुलिस प्रशासन

नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया रुकने के कारण बड़ी संख्या में लोग रोजाना नगर निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। जिन लोगों ने पहले ही निर्माण सामग्री जुटा ली थी, उनके लिए यह देरी आर्थिक बोझ भी बनती जा रही है। कई मामलों में मजदूर खाली बैठे हैं और निर्माण से जुड़े छोटे कारोबारियों को भी नुकसान झेलना पड़ रहा है।

नगर निगम की मेयर ने बताई वजह

इस पूरे मामले पर सोलन नगर निगम की मेयर उषा शर्मा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने भवन नक्शा स्वीकृति प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। पुराने पोर्टल से नए पोर्टल में डेटा माइग्रेशन और तकनीकी बदलाव के कारण यह समस्या अस्थायी रूप से सामने आई है।

यह भी पढ़ें :क्या सुक्खू सरकार के पास है इतना पैसा? 1000 सरकारी भवन खाली- फिर भी बनाए नए, जानें मामला

 

मेयर ने कहा कि नए पोर्टल में कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिनमें ऑनलाइन आवेदन की सरल प्रक्रिया, फाइल की रियल टाइम ट्रैकिंग, कम समय में स्वीकृति और अधिक पारदर्शिता शामिल है। भविष्य में इससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और नक्शा पास करने की प्रक्रिया तेज होगी।

जल्द शुरू होगी नक्शा स्वीकृति प्रक्रिया

हालांकि, वर्तमान में तकनीकी खामियों के चलते लोगों को असुविधा झेलनी पड़ रही है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर इन खामियों को जल्द दूर किया जा रहा है। मेयर ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही तकनीकी समस्याएं पूरी तरह सुलझेंगी, नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने मांगा IAS अधिकारियों से हिसाब : बताना होगा किसके पास कितनी संपत्ति है..

 

नगर निगम ने आम लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और नए पोर्टल से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। प्रशासन का दावा है कि आने वाले समय में यह नई ऑनलाइन व्यवस्था सोलन ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए लाभकारी साबित होगी और 60 दिनों के भीतर लंबित नक्शों को पास कर दिया जाएगा।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख